बैंक लूटकांड का मास्टर माइंड बिट्टू दो साथियों के साथ कोलकाता से गिरफ्तार
कई बैंकों व फाइनेंस संस्थानों में लूटकांड के मास्टरमाइंड कांटी थाना के कुशीहरपुर रमणी गांव निवासी बिट्टू ठाकुर को विशेष पुलिस टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
मुजफ्फरपुर : कई बैंकों व फाइनेंस संस्थानों में लूटकांड के मास्टरमाइंड कांटी थाना के कुशीहरपुर रमणी गांव निवासी बिट्टू ठाकुर को विशेष पुलिस टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। उसके साथ उसी गांव के झुनझुन ठाकुर उर्फ जितेंद्र ठाकुर और कांटी थाना क्षेत्र के मैसाहा गांव निवासी रजनीश कुमार को भी टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल व छह कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरोह अब तक 68 लाख रुपये की लूट कर चुका है। सभी बंगाल व ओडिशा में बैंक डकैती में भी वांछित हैं। जेल में बंद शराब माफिया गोलू ठाकुर व मिथिलेश सिंह की कोर्ट में पेशी के दौरान हत्या की योजना भी इसने बनाई थी। लेकिन उसे विफल कर दिया गया था। यह जानकारी एसएसपी जयंतकांत ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में दी। इस अवसर पर सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
हाइटेक तरीके से गिरोह का संचालन : एसएसपी ने बताया कि बिट्टू हाइटेक तरीके से गिरोह का संचालन करता था। आपसी संवाद में वह वॉयस ओवर इंटरनेट व वाट्सएप कॉलिंग का सहारा लेता था।
विशेष पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी : सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। इसमें डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद, डीआइयू प्रभारी संजीव शेखर झा, मोतीपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार , कांटी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, डीआइयू के पुलिस सहायक अवर निरीक्षक मधुसुदन कुमार व सिपाही विक्रम कुमार को शामिल किया गया था। टीम को तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पिता की हत्या कर चुका है बिट्टू : बिट्टू ने महज 11 वर्ष की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। उसके पिता यदुवंश ठाकुर ने इसका विरोध किया था तो उन्हें गोलियों से भून दिया था।
अन्य लुटेरों से वसूलता था लेवी : बिट्टू का गिरोह बैंक व अन्य वित्तीय संस्थानों में लूट करता था। उसकी नजर दूसरे गिरोहो पर भी रहती थी। दूसरे गिरोह की लूटी गई राशि में वह लेवी वसूलता था। इस समय वह एके-56 खरीदने की तैयारी में था।
गौरव आनंद गिरफ्तार : उधर एक अन्य मामले में पताही रूप गांव के गौरव आनंद उर्फ राजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी राज्य के अंदर से की गई है। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि सदर थाना के लूटकांड मामले में उसे जेल भेजने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।