West Champaran: नरकटिगंज में विवाहिता को दहेज के लिए प्रताडि़त कर घर से निकाला, प्राथमिकी दर्ज
युवती की शादी दो वर्ष पूर्व रामनगर थाना क्षेत्र के उहमी कंपाउंड निवासी सुजीत कुमार श्रीवास्तव से हुई। उसके ससुराल के लोग दहेज में एक बोलेरो की मांग करने लगे। जब विवाहिता ने बोलेरो देने से इंकार कर दिया तो उसको प्रताडि़त किया जाने लगा।
पश्चिम चंपारण, जासं। दहेज के लिए एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने प्रताडि़त कर घर से निकाल दिया है। मामले में शिकारपुर थाना के मुजौना गांव अपनी मायके पहुंची महिला गोल्डी श्रीवास्तव ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें रामनगर के उहमी कंपाउंड निवासी पति सुजीत कुमार श्रीवास्तव, ससुर सत्यदेव श्रीवास्तव, सास बेबी श्रीवास्तव, भैसुर दीपक श्रीवास्तव व जेठानी रूची श्रीवास्तव को नामजद की है। आरोप लगायी है कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व रामनगर थाना क्षेत्र के उहमी कंपाउंड निवासी सुजीत कुमार श्रीवास्तव से हुई। उसके ससुराल के लोग दहेज में एक बोलेरो की मांग करने लगे।
जब विवाहिता ने बोलेरो देने से इंकार कर दिया तो उसको प्रताडि़त किया जाने लगा। इसी कड़ी में फरवरी 2021 में उसके पति एवं ससुराल के लोग घर में बंद कर उसको जान से मारने की नीयत से जलाने का प्रयास किए। लेकिन वह किसी तरह भागकर अपने मायके शिकारपुर थाना क्षेत्र के मुजौना गांव पहुंची। इसकी शिकायत महिला थाना बेतिया में की। फिर महिला थाना के पदाधिकारियों ने उसके ससुराल वालों को बुलाकर पंचायती के माध्यम से आपसी सुलह करा दिया।
बांड बनाने के बाद उसके ससुराल के लोग उसे लेकर अपने घर चले गए। लेकिन कुछ दिन पहले उसका पति व ससुराल के उक्त सभी लोग दहेज में बोलेरो की मांग करने लगे। बोलेरो देने से इंकार करने पर सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिए हैं। प्रशिक्षु डीएसपी संदीप गोल्डी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।