विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में 5 दिन पहले शादी; मुजफ्फरपुर में मचा बवाल, शिक्षिका बनी मां तो कहानी में आया नया मोड़

By Shitesh Kumar Edited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 23 Feb 2026 09:32 PM (IST)Updated: Tue, 24 Feb 2026 09:03 PM (IST)

Teacher Becomes Mother : एक शिक्षिका का नेपाल में विवाह, मुजफ्फरपुर में अपहरण का आरोप और सीतामढ़ी में माँ बनने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, औराई (मुजफ्फरपुर)। नेपाल में सात फेरे, मुजफ्फरपुर में हंगामा और एक शिक्षिका की जिंदगी में ऐसा ट्विस्ट कि पूरी कहानी ही पलट गई। कहानी शुरू होती है सरहद पार के प्यार से जहां नेपाल की वादियों में गुपचुप शादी रचाई गई। लेकिन जैसे ही इस रिश्ते की आहट मुजफ्फरपुर पहुंची, वहां बवाल मच गया। परिवार, समाज और सवालों का तूफान खड़ा हो गया। इसी बीच, कहानी में आया सबसे बड़ा मोड़—शिक्षिका मां बन गई है।

सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल में बनी मां

औराई में जिस शिक्षिका के अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी कराई गई, बंधक बनाकर आरोपित के दोस्त की पिटाई और हंगामा किया गया, वह कथित अपहृता सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद मां बन चुकी थी।

उसकी गोद में तीन दिन की नवजात बच्ची थी। यह अलग बात है कि उसके भाई ने शादी की नीयत से अपहरण किए जाने का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने जच्चा-बच्चा को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। अब अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने के बाद कोर्ट में उसका 164 का बयान कराया जाएगा।

पांच दिन अपहरण का दर्ज हुआ था मामला

उल्लेखनीय है कि औराई के निजी स्कूल में 12-13 वर्षों से पढ़ाने वाली शिक्षिका का पांच दिनों पूर्व शादी की नीयत से अपहरण कर लिए जाने की प्राथमिकी उसके भाई ने कराई थी। इसमें स्कूल संचालक सह वीआइपी के प्रखंड अध्यक्ष राकेश साह समेत सात को नामजद किया गया था।

कथित अपहृता की बरामदगी और आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस कई स्थानों पर छापेमारी कर रही थी, किंतु कोई सफलता नहीं मिल पाई। इस बीच शिक्षिका का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें एक मंदिर में शादी किए जाने की बात बताई जा रही थी। इसके बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई थी।

इसी क्रम में विगत रविवार को आरोपित स्कूल संचालक के एक दोस्त को दूसरे पक्ष के लोगों ने तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले में पीड़ित पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने थाने में डेढ़ दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है।

रविवार को गांव में तनाव इस कदर बना था कि दूसरे पक्ष के लोगों ने स्कूल में तालाबंदी कर दी। डर के कारण स्कूल संचालक का परिवार घर व दुकान में ताला मारकर फरार हो गया। मीनापुर की आरक्षी निरीक्षक कंचन कुमारी दिन भर औराई थाने पर कमान अपने हांथ में रखी।

इस बीच सोमवार की सुबह औराई पुलिस ने गुप्त सूचना पर सीतामढ़ी जाकर युवती को बरामद किया। उसके साथ एक नवजात बच्ची भी मिली। प्रभारी थानाध्यक्ष सनोवर प्रवीण ने बताया कि सीतामढ़ी से निजी विद्यालय की शिक्षिका को नवजात बच्ची के साथ बरामद किया गया है।

अभी उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल से छोड़े जाने के बाद ही महिला का न्यायालय में 164 का बयान दर्ज करवाया जाएगा। न्यायालय में बयान के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इधर स्कूल संचालक राकेश साह पुलिस गिरफ्त से बाहर है।