मुजफ्फरपुर में मनियारी बनेगा नया प्रखंड, कुढ़नी की 14 पंचायतें होंगी शामिल
Maniyari New Block Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले में मनियारी को एक नया प्रखंड बनाने की संभावना काफी मजबूत हो गई है। ...और पढ़ें

विभाग ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी से स्पष्ट मंतव्य के साथ विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है।
HighLights
मुजफ्फरपुर में मनियारी नया प्रखंड बनाने की संभावना प्रबल।
कुढ़नी की 14 पंचायतें मनियारी में होंगी शामिल।
स्थानीय लोगों को 30 किमी की दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Maniyari New Block Muzaffarpur: जिले में प्रशासनिक दृष्टि से मनियारी के रूप में एक नए प्रखंड के गठन की संभावनाएं काफी मजबूत हो गई हैं।
ग्रामीण विकास विभाग ने कुढ़नी प्रखंड की 37 में से 14 पंचायतों को अलग करते हुए मनियारी को स्वतंत्र प्रखंड बनाने की दिशा में पहल की है।
विभाग ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी से स्पष्ट मंतव्य के साथ विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा है।
विधानसभा में उठा था मामला
कुढ़नी विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने 25 फरवरी 2026 को विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के तहत यह मामला प्रमुखता से उठाया था।
इस पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सदन में आश्वस्त किया था कि 14 पंचायतों को मिलाकर नए प्रखंड सृजन के लिए तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त से 16 कॉलम में रिपोर्ट मांगी गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की आधिकारिक प्रक्रिया तय की जानी थी।
विभाग ने डीएम को लिखा पत्र
मंत्री के आश्वासन को अमल में लाने के लिए बिहार विधानसभा सचिवालय ने ग्रामीण विकास विभाग से 60 दिनों के भीतर कार्यान्वयन प्रतिवेदन की मांग की थी।
इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। पत्र में मनियारी को अलग प्रखंड बनाने का प्रस्ताव अपने मंतव्य के साथ शीघ्र भेजने का स्पष्ट आग्रह किया गया है।
30 किमी की दूरी घटेगी
भौगोलिक दृष्टि से कुढ़नी प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने सरकारी कार्यों के लिए वर्तमान प्रखंड मुख्यालय तक लगभग 30 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
इस परेशानी को देखते हुए 14 पंचायतों को कुढ़नी से अलग कर मनियारी में नया प्रशासनिक केंद्र स्थापित करने की कवायद शुरू हुई है। नया प्रखंड बनने से स्थानीय लोगों को अपने प्रखंड स्तरीय कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
शामिल होने वाली 14 पंचायतें
नए प्रखंड के लिए प्रस्तावित पंचायतों की सूची भी तैयार कर ली गई है। इनमें मोहम्मदपुर मोबारक, चैनपुर वाजिद, अमरख, रघुनाथपुर मधुबन, महंत मनियारी, हरिशंकर मनियारी, रतनौली, छितरौली, किनारू, सोनबरसा, अख्तियारपुर परैया, शहपुर मरीचा, हरपुर बलड़ा और पकाही शामिल हैं। डीएम की रिपोर्ट विभाग को प्राप्त होते ही नए प्रखंड के गठन की अंतिम अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है।
