विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर: लड़की ने बात करना बंद किया तो सुपारी देकर करवाया हमला, पुलिस ने प्रेमी को किया गिरफ्तार

Published: Sun, 27 Sep 2026 02:26 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के बरूराज में दो छात्राओं पर हुए जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी संजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में दो छात्राओं पर जानलेवा हमला हुआ।

  2. मुख्य आरोपी संजीत कुमार ने रंजिश में हमला कराया।

  3. पांच हजार रुपये की सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बरूराज थाना क्षेत्र के चोरबन पुलिया के पास दो छात्राओं (बहनें) पर हुए जानलेवा हमला मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपित संजीत कुमार ने चौंकाने वाली जानकारी दी है।

कमालपुर बिथरौल निवासी ने पुलिस के समक्ष दिए स्वीकारोक्ति बयान में कहा कि उसने रंजिश में आकर पांच हजार रुपये की सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलवाया था।

पुलिस पूछताछ में संजीत ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसे गांव की एक लड़की से प्रेम हो गया था। करीब छह माह पूर्व जब वह लड़की से मिलने गया तो उसके चाचा और चचेरे भाई ने उसे देख लिया।

इसके बाद उसकी जमकर पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद से छात्रा ने भी उससे बातचीत बंद कर दी। संजीत ने इंस्टाग्राम और अन्य माध्यमों से संपर्क साधने की काफी कोशिश की, लेकिन असफल रहा।

गुस्से में आकर उसने छात्रा के चचेरे भाई के साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद 19 सितंबर को मोतीहारी से गांव वापस लौटने पर उसने अपने साथी चंदन कुमार को पूरी बात बताई।

चंदन ने पैसे खर्च कर लड़की को डराने का सुझाव दिया। पांच हजार में एक भाड़े के बदमाश को तैयार कर लिया। खुद को शक के दायरे से बाहर रखने के लिए संजीत ने सोची-समझी साजिश के तहत 21 सितंबर को वापस मोतिहारी जाकर अपना ऑफिस ज्वाइन कर लिया।

इधर, चंदन ने रेकी कर पता लगाया कि लड़की 21 तारीख को स्कूल जाएगी और प्लान के मुताबिक चोरबन पुलिया के पास भाड़े के बदमाश से 17 वर्षीय छात्रा और उसकी बहन पर ब्लेड से हमला करवा दिया।

वारदात के बाद चंदन ने संजीत को मोबाइल पर एक रिकॉर्डिंग भेजकर काम पूरा होने की पुष्टि भी की थी। पीड़िता के बयान पर बरूराज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता संजीत को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया था। पुलिस अब फरार साथी चंदन तथा सुपारी लेने वाले हमलावर की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में छेड़खानी का वीडियो वायरल करने पर सख्ती, रडार पर 40 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट