औराई में बाबा आनंद भैरव पर जलाभिषेक को लगी रही भक्तों की भीड़
महाशिवरात्रि पर औराई में भैरवस्थान स्थित बाबा आनंद भैरव ज्योतिर्लिंग पर शुक्रवार की सुबह से देर शाम तक जलाभिषेक होता रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर हर हर महादेव व बमबम भोले के नारे से गूंजायमान रहा। इस बीच शिव पार्वती विवाह की भव्य झाकी निकाली गई।
मुजफ्फरपुर। महाशिवरात्रि पर औराई में भैरवस्थान स्थित बाबा आनंद भैरव ज्योतिर्लिंग पर शुक्रवार की सुबह से देर शाम तक जलाभिषेक होता रहा। पूरे दिन मंदिर परिसर हर हर महादेव व बमबम भोले के नारे से गूंजायमान रहा। इस बीच शिव पार्वती विवाह की भव्य झाकी निकाली गई। भैरवस्थान से निकली झाकी शाही मीनापुर ,कोकिलवारा, राजखंड, रमनगरा, देकुली होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। इधर, रामजानकी मंदिर सरहंचिया में शिव पार्वती विवाह के लिए भव्य झाकी निकाली गई। भैरवस्थान में भी शिव पार्वती विवाह के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। भैरवस्थान के प्रधान पुजारी नुनू पंडा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने बाबा आनंदभैरव पर जलाभिषेक किया। मीनापुर :प्रखंड क्षेत्र के गंज बाजार स्थित काल भैरव बाबा शिव मंदिर में शिवशक्ति महायज्ञ पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मनोरंजन के साथ वृंदावन की रासलीला और महान संतों के प्रवचन का लोगों ने खूब लुफ्त उठाया। साहेबगंज : प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बंदरा : प्रखंड के अतिप्राचीन मतलुपुर खगेश्वरनाथ मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों की भीड़ से मंदिर परिसर, मेला स्थल एवं सभी सड़कें पटी रहीं। मंदिर परिसर में न्यास समिति के स्वयंसेवकों के अलावा दर्जनों स्वयंसेवक तथा हत्था ओपी, जिला मुख्यालय से आए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था की गई थी। जिनके सहयोग से विधि व्यवस्था संचालित की जा रही थी। भीड़ मेंा दो बच्चों के गायब होने तथा कई महिलाओं की चेन झपट लेने की चर्चा थी। हालांकि हत्था ओपी प्रभारी शमीम अख्तर ने ऐसी शिकायत से इनकार किया। मंदिर न्यास समिति के संरक्षक डॉ गोपालजी त्रिवेदी ने बताया कि एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। शिवशक्ति धाम बरियारपुर में भी भीड़ सुबह से शाम तक जुटी रही। रात्रि में शिव विवाह का आयोजन किया गया है। मड़वन : प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़कागाव स्थित जंगली महादेव मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। वही भक्तों ने लंबी लाइन लगा जलाभिषेक किया। इधर चमरूआ शिव मंदिर में शिव बरात के रूप में शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान राजद नेता हैदर आजाद ने मंदिर पहुंच आशीर्वाद लिया व प्रसाद ग्रहण किया। मोतीपुर : मोतीपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में महाशिवरात्रि पर पूरे दिन श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। एसुबह से ही जल चढ़ाने को लेकर भक्तों की भीड़ जुटी थी। कटरा : प्रखंड क्षेत्र के कटरा के चंद्रेश्वर नाथ, धनौर के धनेश्वर नाथ, पहसौल के कालेश्वर मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक व पूजा अर्चना की। इसके अलावा चामुंडा स्थान में भकतों की भीड़ लगी रही। मुशहरी : प्रखंड के छपरा मेघ स्थित बाबा दूधनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दूधनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। उधर, रजवाड़ा हाट से शिव बरात व झांकी निकाली गई।