बैकुंठ चतुर्दशी पर किया भगवान शिव और विष्णु का पूजन, की महाआरती
बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सोमवार को शहर व गांव में विभिन्न जगहों पर भगवान शिव व विष्णु का पूजन किया गया। महाआरती की गई।
मुजफ्फरपुर। बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर सोमवार को शहर व गांव में विभिन्न जगहों पर भगवान शिव व विष्णु का पूजन किया गया। महाआरती की गई। लक्ष्मी चौक, ब्रह्मापुरा स्थित फलित दर्शन ज्योतिष अनुसंधान केंद्र में रुद्राभिषेक व भगवान सत्यनारायण का पूजन किया गया। पंडित प्रभात मिश्र और पंडित जयकिशोर मिश्र ने पूजन किया। बताया कि यह चतुर्दशी भगवान शिव और विष्णु के एकाकार स्वरूप को समर्पित है। देव प्रबोधिनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की नींद से जागते हैं और चतुर्दशी के दिन भगवान शिव की पूजा करते हैं। इस तिथि को जो भी व्यक्ति श्रीहरि यानी भगवान विष्णु और हर यानी भगवान शिव की पूजा करता है, उसे बैकुंठ की प्राप्ति होती है। पूजा में पंडित संतोष मिश्र भारद्वाज, रमेश रत्नाकर, दीपक, राजेश, अमरेंद्र, संजय, शिशुपाल आदि थे।
बाबा भोलेनाथ का
किया गया महाश्रृंगार
साहू पोखर स्थित महादेव मंदिर में सोमवार को बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा के बाद महाश्रृंगार किया गया। इसके पूर्व बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक पाठक ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ दूध, दही, घी, शहद, शक्कर व गंगाजल से भोलेनाथ का अभिषेक किया। फिर अष्टगंध, बिल्वपत्र, दूब, भांग व रंगबिरंगे पुष्प मालाओं से महाश्रृंगार किया। वस्त्र भी ओढ़ाए गए। इसके बाद आरती हुई। रुद्राष्टकम्, लिंगाष्टकम् व नटराज स्तुति भी की गई। इसमें साहू पोखर पूजा समिति के संयोजक प्रभात कुमार, महंत पवन दास, निर्मला साहू, डॉ.एचएन भारद्वाज, डॉ.विजया भारद्वाज, बबली साहू, आकाश चौधरी, पंडित राघव ठाकुर, पंडित जितेंद्र तिवारी, पंडित अभिषेक झा, श्रीरंजन साहू, विवेकानंद मिश्रा, साकेत शुभम्, संजय रजक, शुभम वत्स, राखी गुप्ता, रंजीत महतो, पप्पू बिहारी, भजन गायिका नीतू कश्यप, अर्चना देवी, वंदना, डल्लू महतो आदि भी मौजूद रहे। पूजा के दौरान बाबा भोलेनाथ और 'जय श्री राम' के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।