बिहार में इंटरनेशनल मॉब लिंचिंग- नेपाल से घुसी महिलाओं ने किसान को पीट पीटकर मार डाला
मधुबनी के पिपराही गांव की घटना। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारोपित चार महिलाओं को पकड़ घर में किया बंद। नेपाली महिलाओं को खेत में बकरी चराने का किसान ने किया था विरोध।
मधुबनी, जेएनएन। भीड़ के हाथों हत्या (Mob Lynching) का यह अंतरराष्ट्रीय मामला है। बिहार के मधुबनी जिला स्थित लदनियां थाना के पिपराही गांव के एक किसान को नेपाल से आईं महिलाओं के झुंड ने पीट-पीटकर मार डाला। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने चार आरोपित महिलाओं को पकड़कर एक घर में बंद कर दिया है। घटना को लेकर इलाके में आक्रोश है। डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में वार्ता हो रही है। मामला सुलझ जाएगा।
नेपाली महिलाओं ने कर दी किसान की हत्या
बताया जाता है कि पिपराही निवासी डोमी पंडित (68) के खेत में नेपाल के कचनारी गांव की लगभग एक दर्जन बकरियों को चरने के लिए छोड़ दिया गया था। डोमी पंडित जब खेत पर गए तो बकरियां चारा रही महिलाओं को डांटा। इसपर लगभग 10 महिलाओं ने डोमी को पटक दिया तथा पीट पीटकर मार डाला। मिली जानकारी के अनुसार ये महिलाएं नेपाल के कचनारी गांव की निवासी हैं।
चार महिलाओं को पकड़कर बनाया बंधक
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन व ग्रामीणा खेत पर गए। उन्हें देखकर महिलाएं भागने लगीं। ग्रामीण उनमें से चार को पकड़कर पिपराही ले गए तथा सभी को एक कमरे में बंद कर दिया। वहां ग्रामीणों की भीड़ ने महिलाओं को घेर लिया।
घटना से इलाके में तनाव व्याप्त
सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन थोड़ी ही देर में वहां से निकल गई। फिलहाल गांव में तनाव व्याप्त है।