मधुबन धमाका-2005 का आरोपित नक्सली पताही से गिरफ्तार, ऐसे मिली सफलता East champaran News
पूर्वी चंपारण के बलुआजुलफेकाबाद से पताही पुलिस और मधुबन एसएसबी ने संयुक्त अभियान चलाकर किया गिरफ्तार। एक साथ 300 की संख्या में नक्सलियों ने थाने पर किया था हमला।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पताही और मधुबन एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। 2005 मेें हुए मधुबन धमाके में शामिल नक्सली झिगनलाल पासवान को बलुआजुल फेकराबाद पंचायत से गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी उससे पूछताछ चल रही है।
छापेमारी अभियान में शामिल थानाध्यक्ष विकास तिवारी और मधुबन एसएसबी के कंपनी कमांडेंट जगत सिंह ने बताया कि वर्ष 2005 में मधुबन थाने पर 300 की संख्या में प्रतिबंधित नक्सली संगठन से जुड़े महिला-पुरुष ने हमला बोला दिया था। जिसमें बीएमपी के दो जवान नक्सलियों से लड़ते हुए थाने में ही शहीद हो गए थे। कई अन्य पुलिसकर्मी घायल भी हो गए थे।
उसी दिन नक्सलियों ने एक साथ मधुबन में बैंक और बाजार तथा उस समय के द्वार राजा पूर्व मंत्री सह शिवहर सांसद सीताराम सिंह के आवास को भी निशाना बनाया था। इस घटना को लेकर मधुबन थाने में मामला दर्ज किया गया था। उसी रोज नक्सलियों के भागने की दिशा में फेनहारा थाना क्षेत्र के चमैनिया गांव में पुलिस के साथ मुठभेड़ को लेकर मामला दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष विकास तिवारी ने बताया कि झिगनलाल पासवान थाना क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे पूछताछ चल रही है। उससे मिलने वाले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।