दोस्तों के साथ प्रेमी युगल हिरासत में, सभी पूर्वी चंपारण के रहने वाले Muzaffarpur News
किशोरी के पिता का काठमांडू में होटल दोनों ने मंदिर में कर ली शादी। महाराष्ट्र नंबर स्कॉर्पियो से जा रहे थे रक्सौल सत्यापन में जुटी पुलिस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। काठमांडू के एक होटल मालिक की पुत्री को उसके प्रेमी के साथ पुलिस ने हिरासत में लिया। उसके साथ अन्य आठ लड़कों को भी पकड़ा गया। ये सभी महाराष्ट्र नंबर स्कॉर्पियो से रक्सौल जा रहे थे। वाहन जांच के दौरान पुलिस को इसके संबंध में सूचना मिली। इसके बाद मोतीझील ओवरब्रिज के समीप सभी को दबोचा गया। वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सभी लड़के पूर्वी चंपारण के विभिन्न जगहों के रहने वाले है। लड़की भी घोड़ासहन इलाके की मूल निवासी है। उसके पिता का काठमांडू में होटल है।
बताया जा रहा कि किशोरी का उसी इलाके के एक युवक के साथ काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद उसके अभिभावक ने किशोरी को गत महीने चाचा के पास धनबाद भेज दिया, लेकिन किशोरी ने कॉल कर दो दिन पूर्व प्रेमी को वहां बुला लिया। इसके बाद दोनों ने वहीं एक मंदिर में शादी कर ली।
प्रेमी के साथ पूर्वी चंपारण के आठ दोस्त भी धनबाद गए थे। इसके बाद सभी घर लौट रहे थे। इसी क्रम में सभी पकड़े गए। नगर थानेदार ओमप्रकाश ने बताया कि इन सभी का सत्यापन किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित थाने से संपर्क किया गया है। किशोरी के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। मोतिहारी पुलिस की टीम भी सत्यापन के लिए नगर थाने पर आ रही है।