Move to Jagran APP

महज चार महीने पहले किया प्रेम विवाह, फिर दहेज के लिए ले ली विवाहिता की जान Samastipur News

समस्तीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र की घटना। महज चार महीने पूर्व किया था अंतरजातीय प्रेम विवाह। माता-पिता ने भी बाद में दे दी थी अपनी सहमति जानिए पूरी घटना।

By Murari KumarEdited By: Published: Fri, 05 Jun 2020 02:28 PM (IST)Updated: Fri, 05 Jun 2020 02:28 PM (IST)
महज चार महीने पहले किया प्रेम विवाह, फिर दहेज के लिए ले ली विवाहिता की जान Samastipur News
महज चार महीने पहले किया प्रेम विवाह, फिर दहेज के लिए ले ली विवाहिता की जान Samastipur News

समस्तीपुर, जेएनएन। जिला अंतर्गत खानपुर थाना क्षेत्र के रेवरा गोटियाही गांव में गुरुवार को दहेज के कारण गला दबाकर नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। शव को गायब करने का प्रयास किया ही जा रहा था कि ग्रामीणों को हत्या किए जाने की भनक लग गई। किसी ने मोबाइल पर इस घटना की सूचना लड़की के पिता एवं स्थानीय थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय शंकर साह, प्रशिक्षु दरोगा मुकेश कुमार, सअनि राज कुमार दलबल के साथ पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसी बीच लड़की के पिता अपने अन्य स्वजनों के साथ घटनास्थल पहुंच गए।

loksabha election banner

यह है पूरी घटना

जानकारी के अनुसार मथुरापुर ओपी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर अकबरपुर गांव निवासी रविंद्र सहनी की पुत्री दीपा कुमारी एवं खानपुर थाना क्षेत्र के रेवरा गोटियाही गांव निवासी राम दुलार महतो के पुत्र रोहित कुमार के बीच कॉलेज में पढ़ने के क्रम में दोनों में प्यार हो गया। दोनों के बीच प्रेम जब परवान चढ़ा तो 16 नवंबर 2019 को दोनों घर से फरार हो गए। लड़की के पिता ने थाना में लड़की भगाने की एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। पुलिस के दबाव पर 4 फरवरी को लड़की कोर्ट में उपस्थित हुई।

 कोर्ट में लड़की द्वारा दिए गए फर्द बयान पर कोर्ट ने लड़का के साथ रहने की इजाजत दे दी। उस समय से दोनों एक साथ गोटियाही गांव में रहने लगे। चार माह के अंदर ही लड़की के मां- पिता को भी पुत्री की याद आने लगी। सब कुछ भूलकर मोबाइल पर बातचीत होने लगी। जब सब कुछ ठीक चल रहा था, तो लड़की के माता-पिता ने बाजार में बुलाकर लड़का एवं उसके स्वजनों को करीब एक लाख रुपये का कपड़ा एवं अन्य सामग्री खरीद कर दिया था।

 एक माह पूर्व लड़का अपाचे मोटर मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। नहीं तो परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। लड़की ने इस बात की जानकारी अपने पिता को दी। पिता ने तो पहले मोटरसाइकिल देने में असमर्थता जताई। जब बात बहुत आगे बढ़ गई तो लड़की ने दो दिन पूर्व अपने पिता से मोबाइल पर आपबीती बताई। इस पर लड़की के पिता ने लॉकडाउन समाप्त होने पर किसी तरह रुपये की व्यवस्था कर मोटर साइकिल देने का आश्वासन भी दिया था। इसी बीच गुरुवार की दोपहर करीब 1 बजे पलंग पर लगा दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर लड़की के पिता रविन्द्र सहनी ने दामाद रोहित कुमार, समधी राम दुलार महतो एवं समधिन सहित आधा दर्जन लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या का मामला प्रतीत होता है। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अधिक जानकारी मिलेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.