सरकार की उपलब्धि बताने के लिए गांव में पहुंचे युवा लोजपा कार्यकर्ता
कार्यकर्ताओं ने लोगों को दी योजनाओं की जानकारी, केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल में देश का समुचित विकास कराया है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। आगामी लोक सभा चुनाव को ले युवा लोजपा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने की मुहिम आरंभ किया। इस दौरान चौतरवा के करजनीया, परसौनी, बसवरिया व बरियारवा में भ्रमण कर लोगों को मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार के पिछले साढे चार वर्षोँ की उपलब्धियों के बारे में बताया। लोजपा के युवा जिलाध्यक्ष रिपूसूदन द्विवेदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल में देश का समुचित विकास कराया है।
सबका साथ व सबका विकास के आधार पर सभी वर्गों के लोगों के लिए कार्य किया है। सरकार की उपलब्धियां अब अंतिम पायदान के लोगों तक पहुंचने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नया स्वरुप प्रदान किया है। विदेशों में भी भारत का परचम लहराया है। शांति व सुरक्षा की दिशा में भी कार्य किए हैं। वही बिहार सरकार भी एनडीए के एजेंडा को मजबूत आधार प्रदान किया है। शौचालय निर्माण,नल जल योजना हर गरीब तक पहुंचा है।
वक्ताओं ने कहा कि सरकारी स्तर पर चलाए जा रहे तमाम योजनाओं का व्यापक लाभ लोगों को मिल रहा है। हर घर में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है ताकि लोग किसी प्रकार की बीमारी से बच सके। मौके पर लोजपा के मधुरेंद्र दुबे, पवन राव, चुमन मणि तिवारी, रामानंद साह, दिनेश यादव, अनिरुद्ध राव, उमेश माली, चंद्रभूषण मिश्र, अनवर अंसारी, रामजी यादव, अमीन अंसारी, रोशन उपाध्याय, हरी माली व घुरई कुशवाहा शामिल रहे।