Muzaffarpur Weather Forecast: अगले कुछ दिनों तक उत्तर बिहार में बनी रहेगी हल्की-हल्की वर्षा की संभावना
अगले 16 सितंबर तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में पूसा विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बिहार के जिलो में हल्की-हल्की वर्षा की सम्भावना बनी रहेगी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अगले कुछ दिनों तक वर्षा की संभावना बनी रहेगी। उत्तर बिहार में हल्की-हल्की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि ज्यादातर समय मौसम शुष्क रहेगा। आसमान में मध्यम स्तर के बादल छाए रह सकते हैं। यह कहना है मौसम विभाग का। अगले 16 सितंबर तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वानुमान की अवधि में उत्तर बिहार के जिलो में हल्की-हल्की वर्षा की सम्भावना बनी रहेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा भी हो सकती है। हालाँकि पूर्वानुमानित अवधि के ज्यादातर समय मौसम शुष्क रह सकता है।
पूर्वानुमानित की अवधि में आसमान में मध्यम बादल छाये रह सकते है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 24-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस अवधि में पुरवा हवा चलने का अनुमान है। औसतन 7 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 50 से 60 प्रतिशत रहने की संभावना है। शुक्रवार का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमानः 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है।