Weather update : उत्तर बिहार में अगले 48 घंटे में हल्की बारिश के आसार, जानें क्या-क्या हैं मौसम विभाग के पूर्वानुमान
Weather update आठ से बारह किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी पछिया हवा। आसमान में गरजवाले बादल बन सकते हैं।
समस्तीपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में अगले 48 घंटे में एक -दो स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति आठ से बारह किमी प्रतिघंटा रहेगी। यह कहना है डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के मौसम विभाग का।
शुक्रवार को अगले 25 मार्च तक के लिए मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके अनुसार, आसमान में गरजवाले बादल बन सकते हैं। वैशाली, सारण, गोपालगंज, सिवान, सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले में अगले 48 घंटे में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है।
इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। औसतन 8 से 12 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अगले एक दिन पछिया हवा चलेगी। इसके बाद पुरवा हवा चलेगी। सुबह में सापेक्ष आर्द्रता 50 से 80 प्रतिशत और दोपहर में 20 से 40 प्रतिशत रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।
किसानों के लिए सुझाव
विभाग ने अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना को देखते हुए सरसों की कटनी तथा सुखाने के काम को उच्च प्राथमिकता देकर पूरा करने का सुझाव दिया है। हालांकि, जिन जिलों में वर्षा की संभावना हैै, वहां सरसों की कटनी और दौनी में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।