Weather Forecast: उत्तर बिहार में ठंड का कहर जारी, दो-तीन जनवरी को होगी हल्की वर्षा
Weather Forecast बुधवार को भी बनी रही रहेगी कोल्ड डे की स्थिति। उत्तर बिहार में मंगलवार को ठंड के असर से तीन की मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। उत्तर बिहार में मंगलवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। हालांकि, दिनभर खिलने से राहत मिली। लेकिन, शाम ढलते ही कनकनी बढ़ गई। इससे लोग परेशान रहे। ठंड के असर से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें पूर्वी चंपारण के एक और सीतामढ़ी के दो लोग शामिल हैं।
ठंड में होगा इजाफा
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा ( समस्तीपुर) के मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को आगामी पांंच जनवरी तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। इस दौरान उत्तर बिहार के तराई और मैदानी जिलों में गरज वाले हल्के से मध्यम बादल बन सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दो -तीन जनवरी को हल्की वर्षा या बूंदाबांदी की संभावना है। उत्तर-पश्चिम बिहार के एक-दो स्थानों पर ओले भी पड़ सकते हैं। हवा की गति भी तेज रहेगी। इससे ठंड में इजाफा होगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। जबकि, न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
एक जनवरी को भी कोल्ड-डे की स्थिति बनी रह सकती है। रात्रि और सुबह में मध्यम से घना कुहासा रह सकता है। इस दौरान औसतन 8 से 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मुख्यत: पुरवा हवा चलने का अनुमान है। हालांकि, पांच जनवरी को पछिया हवा चलने की संभावना है। हवा की गति तेज रहने से कनकनी बढ़ेगी। सापेक्ष आद्र्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 70 से 75 प्रतिशत रहने की संभावना है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 8.2 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। हल्की वर्षा की संभावना के मद्देनजर कीटनाशक दवाओं के छिड़काव में सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। किसान खड़ी फसलों में ङ्क्षसचाई फिलहाल स्थगित रखें।