Murder for Lemon: बिहार में नींबू से कम हो गई जान की कीमत, दुल्हन की हत्या का कारण जान स्तब्ध हो जाएंगे आप
Murder for Lemon in Bihar बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नींबू तोड़ने के कारण उपजा विवाद इतना बढ़ा कि सास व दो ननदों ने मिलकर दुल्हन की हत्या कर दी। स्तब्ध कर देने वाली इस घटना के बाद तीनों आरोपित फरार हो गई हैं।
पटना, एजेंसी। Murder for Lemon: ठीक है कि नींबू की कीमत आसमान छू रही है, लेकिन क्या यह किसी की जान से भी महंगी हो गई है? बिहार के पूर्वी चंपारण के एक मामले को देख कर तो ऐसा ही लगता है। वहां छौड़ादानो थाना अंतर्गत चैनपुर गांव में नींबू तोड़ने के विवाद में एक दुल्हन की हत्या कर दी गई। आरोप उसकी सास और दो ननदों पर लगा है। आरोपित सास और दोनों ननद घटना के बाद फरार हो गईं हैं। हत्याकांड को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
नींबू तोड़ने पर दुल्हन को मार डाला
मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिला स्थित छौड़ादानो थाना के चैनपुर गांव में एक नवविवाहिता के साथ उसकी सास और दो ननदों ने मारपीट की। बात इतनी बढ़ी कि उसकी कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना का कारण दुल्हन के नींबू तोड़ने से उपजा विवाद बताया जा रहा है।
आरोपित सास और दोनों ननद फरार
छौड़ादानो के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार मृतक महिला काजल देवी (28 साल) चैनपुर गांव निवासी सुनील बैठा की पत्नी थी। उसके पति और ससुर राज्य के बाहर काम करते हैं। घटना के वक्त दोनों घर से बाहर थे। आरोपित सास और दोनों ननद फरार हो गई हैं।
मृतका के गले में मिला रस्सी का निशान
पुलिस के अनुसार मृतका के सिर पर चोट एवं गले में रस्सी के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतका के मायके वालों को सूचित कर दिया गया है।