केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में परिवाद, जानिए क्या लगा आरोप
Coronavirus मुजफ्फरपुर कोर्ट में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के खिलाफ तमन्ना हाशमी ने परिवाद दायर किया है। जानिए परिवाद में क्या लगाया गया है आरोप....
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस से बचाव को लेकर मास्क व हैंड सैनिटाइजर जैल की कालाबाजारी नहीं रोकने के आरोप में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवद्र्धन के खिलाफ परिवाद दाखिल किया गया है। यह परिवाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पूर्वी के कोर्ट में अहियापुर के भीखनपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने दाखिल किया है। कोर्ट ने परिवाद की सुनवाई के लिए 30 मार्च मुकर्रर की है।
परिवाद में यह लगाया आरोप
परिवाद में तमन्ना हाशमी ने कहा है कि 17 मार्च की शाम विभिन्न समाचार चैनलों पर समाचार प्रसारित किया जा रहा था। इसमें कहा जा रहा था कि कोराना वायरस से बचाव के लिए देश में मास्क व हैंड सैनिटाइजर जैल की भारी कमी है। जिससे सरकार इसे जनता को उपलब्ध नहीं करा रही है। इससे कोरोना महामारी को रोका नहीं जा सकता है। जहां उपलब्ध है वहां दस गुना कीमत में कालाबाजारी किया जा रहा है। इससे आम जनता इसे खरीद नहीं पा रही है। आरोप लगाया गया है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा इसकी कालाबाजारी पर रोक लगाने का कोई प्रयास नहीं किया गया।