Lalu Yadav News: राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वास्थ्य को लेकर कार्यकर्ता चिंतित, दुआ व प्रार्थनाएं शुरू
Lalu Yadav News राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को लेकर मुजफ्फरपुर के कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ती जा रही है। अस्पताल से आ रही खबरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। लालू प्रसाद को अब दिल्ली ले जाने की तैयारी चल रही है।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। Lalu Yadav Health Update: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर सीढ़ी से गिरने की वजह से लालू प्रसाद यादव को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। कहा जा रहा है कि गिरने की वजह से उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया है। जबकि कई अन्य जगहों पर चोट लगी है। वे पूर्व से भी कई अन्य प्रकारण की बीमारियों से ग्रस्त चल रहे हैं। इस वजह से राजद कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है। लालू प्रसाद यादव के लिए दुआ व प्रार्थना का क्रम आरंभ हो गया है। सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
मंगलवार को लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य में मामूली सुधार के बाद डाक्टर ने उन्हें आइसीयू से शिफ्ट कर दिया था, लेकिन परेशानी बढ़ने के बाद फिर से उन्हें आइसीयू में रखा गया है। उनके परिवार के लोग अब दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। हो सकता है कि एयर एंबुलेंस की मदद से उन्हें ले जाया जाए। वहीं मुजफ्फरपुर राजद जिला कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित हुए नेताओं व कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद यादव के जल्द से जल्द से स्वास्थ्य लाभ के लिए भगवान से प्रार्थना की। जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि राजद हमेशा नीति व सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। यही वजह है कि तमाम विरोध के बाद भी पार्टी अब भी स्थिर बनी हुई है। भारतीय राजनीति में इसकी प्रासंगिकता कायम है।
इस बीच महानगर राजद के नेताओं ने दाता कंबल शाह के मजार पर पहुंचकर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ मांगी। उनके अस्वस्थ होने की वजह से पार्टी के स्थापना दिवस समारोह पर होने वाले आयोजनों को स्थगित कर दिया गया है। हालांकि शहर के विभिन्न भागों में घूम-घूमकर लोगों को पार्टी के नीतियों की जानकारी देते हुए पार्टी की सदस्यता दिलाई।