लालू-तेजस्वी तय करेंगे कौन बनेगा पीएम : राजन तिवारी
देश को फिरकापरस्त ताकतों से बचाना अहम मुद्दा और देश-प्रदेश में भाजपा हराओ लहर चल पड़ा है।
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। भाजपा का इस देश से खात्मा होना तय है। ऐसे में महागठबंधन में अहम भूमिका निभा रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव तय करेंगे कि देश का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। वैसे महागठबंधन में प्रधानमंत्री पद कोई मुद्दा नहीं है। देश को फिरकापरस्त ताकतों से बचाना अहम मुद्दा है और देश-प्रदेश में भाजपा हराओ लहर चल पड़ा है। उक्त बातें राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता सह गो¨वदगंज के पूर्व विधायक राजन तिवारी ने बेतिया के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कही। वे यहां 24 अक्टूबर को पूर्व उपमुख्यमंत्री सह राज्य में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रस्तावित संविधान बचाओ यात्रा की समीक्षा करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने दो प्रचार रथ को भी रवाना किया। उन्होंने कहा कि चम्पारण के विभिन्न इलाकों का दौरा करने के बाद अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम नीतीश कुमार का छलावा जनता पूरी तरह समझ चुकी है और उन्हें बदलने को आतुर हैं। जनता तेजस्वी की ओर बड़ी उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। इस कारण यह कहा जा सकता है कि चम्पारण में तेजस्वी की संविधान बचाओ यात्रा ऐतिहासिक होगी। पश्चिम चम्पारण के बड़ा रमना मैदान में आयोजित सभा में भीड़ इसका पैमाना साबित होगी। इतनी भीड़ शायद ही किसी नेता के सभा में हुई होगी। पूर्व विधायक श्री तिवारी ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य संघ के उन्मादी मंसूबों को परास्त कर देश को बाबा साहेब के सपनों का बनाना है न कि गोडसे का। देश सभी जाति-मजहब के लोगों का है। इसे चलाने के लिए बाबा साहेब का दिया हुआ संविधान है, इससे इतर यह देश कुछ भी बर्दाश्त नहीं कर सकता। उन्होंने राज्य सरकार के मुखिया नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए पूछा कि आखिर यह कैसी सुशासन की सरकार है, जहां सिर्फ अपराध का कारोबार हो रहा है। एक तो राज्य में न कोई उद्योग-धंधे खोले गये और नहीं व्यवसायियों व बालिकाओं को सुरक्षा मिल रही है। सरेआम हत्या व बालिका गृहों में लड़कियों का दुष्कर्म किया जा रहा है। इस मौके पर राजद के जिलाध्यक्ष इफ्तेखार अहमद उर्फ मुन्ना त्यागी ने दावा किया तेजस्वी की सभा में सभी प्रकार के रिकॉर्ड टूट जाएंगे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि असभ्य, असंसदीय व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल राजद का आचरण नहीं है। अगर कहीं ऐसा किया गया है तो उसकी जांच कर ऐसे लोगों को किनारे किया जाएगा। मौके पर युवा राजद के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत यादव, युवा राजद के प्रदेश महासचिव विवेक चौबे, रफीउल आजम, विनोद आर्य, आदित्य कुमार, साहेब हुसैन, कमलेश यादव, शाहिद, सादिक खान, वसीम मंजर, रीतेश यादव, मुखिया मन्नू दास, रणविजय यादव, नीरज तिवारी आदि मौजूद थे।