ट्रक में फंसकर 100 मीटर तक घिसटता रहा मजदूर, मौके पर ही मौत
घटना से आक्रोशित लोगों ने गोबरसही चौक पर टायर जलाकर किया जाम। मुआवजा के लिए पुलिस से नोकझोंक व धक्का-मुक्की।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक में फंसकर एक मजदूर 100 मीटर तक घिसटता रहा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर भगवानपुर की तरफ भाग निकला। वहीं इस घटना में साइकिल पर सवार दूसरा मजदूर आंशिक रूप से जख्मी हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घंटे तक शव उसी तरह सड़क के बीचोबीच पड़ा रहा। किसी ने सुध नहीं ली। लगातार सदर थाना को सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
इससे आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर हंगामा करना शुरू कर दिया। तब सदर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान दरियापुर कफेन के झीनदेव महतो के रूप में हुई है। वे साइकिल में मजदूरी करने जा रहे थे। गोबरसही चौक पर सड़क पार करने के दौरान रामदयालु की तरफ से जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक के भीतरी हिस्से में साइकिल समेत फंस गए और घिसटने लगे। वहीं झटका लगने से साइकिल सवार दूसरा मजदूर भी जख्मी हो गया।
मुआवजे को लेकर फंसा पेच
मृतक कुढऩी प्रखंड का रहने वाला था। मुशहरी सीओ मौके पर पहुंचे। लेकिन, मामला कुढऩी का होने के कारण पेच फंस गया। वहीं सदर पुलिस के देर से पहुंचने पर भी लोगों में आक्रोश था। मुआवजे को लेकर पुलिस से नोकझोंक और धक्का मुक्की हुई। सदर थानेदार राजेश्वर प्रसाद, नगर थानेदार ओमप्रकाश समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया गया। प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों से बातचीत करने के बाद तत्काल 23 हजार रुपये मुआवजा दिया गया। शेष राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देना तय हुआ।
एक सप्ताह पूर्व पुत्री की हुई थी शादी
मृतक झीनदेव महतो की चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं। वे प्रतिदिन शहर में मजदूरी करने जाते थे। इससे परिवार का भरण-पोषण होता था। एक पुत्री की शादी एक सप्ताह पूर्व ही की थी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन का रो-रो कर बुरा हाल।
तीन किलोमीटर लंबा जाम
भगवानपुर चौक से लेकर खबरा-रामदयालु तक करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार दोनों लेन में लग गई। एक एंबुलेंस भी फंसी रही। जाम से जबरन निकलने का प्रयास करने वाले ऑटो चालकों से प्रदर्शनकारियों की हाथापाई और मारपीट भी हुई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप