Move to Jagran APP

Kurhani By Poll Result 2022: जदयू-राजद में एकजुटता अभी दूर की कौड़ी, भाकपा माले ने महागठबंधन को दिखाया आईना

कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के गुरुवार को आए नतीजों ने बिहार में सियासी समीकरणों पर एक बार फिर से विचार की जमीन बनाने का काम किया है। परिणामों से पहले सभी दलों ने जीत के अपने-अपने दावे किए थे। परंतु आज के नतीजों ने सियासी तस्वीर साफ कर दी है।

By Yogesh SahuEdited By: Published: Thu, 08 Dec 2022 09:15 PM (IST)Updated: Thu, 08 Dec 2022 09:15 PM (IST)
Kurhani By Poll Result 2022: जदयू-राजद में एकजुटता अभी दूर की कौड़ी, भाकपा माले ने महागठबंधन को दिखाया आईना
कुढ़नी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है।

जेएनएन, मुजफ्फरपुर/पटना। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के गुरुवार को नतीजे आने के बाद बिहार में राजनीतिक समीकरण बदले-बदले नजर आ रहे हैं। महागठबंधन की एकजुटता पर जहां सवाल उठ रहे हैं। वहीं चिराग पासवान का समर्थन मिलने के बाद भाजपा की सियासी जमीन और मजबूत होती दिख रही है। हालांकि विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी भाजपा की जीत में भी अपनी पार्टी की जीत देख रहे हैं।

loksabha election banner

जदयू-राजद गठबंधन नया-नया, दोनों को ठीक से एक होने में समय लगेगा : जगदानंद

कुढ़नी विधानसभा उप चुनाव पर राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने गुरुवार को कहा कि जदयू और राजद का गठबंघन अभी नया-नया है। दोनों पार्टियों को एक होने में थोड़ा समय लगेगा पर यह गठबंधन उत्साहजनक है। यह सच है कि हम नतीजे नहीं ला पाए पर आने वाले समय में महागठबंधन भाजपा को पूरी तरह से उखाड़ फेकेंगा।

जगदानंद ने कहा कि कुढ़नी के कई बूथों पर गरीब सही से वोट नहीं कर पाए, इसलिए महागठबंधन जीत से वंचित रह गया। अगली बार जब चुनाव होगा तो गरीब खुलकर वोट करेंगे। गुजरात और हिमाचल के विधानसभा चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि देश के लोग अब बदलाव को आतुर हैं। मुख्यमंत्री नीतीश पर राजद अध्यक्ष ने कहा कि वह फिर से समाजवादी धारा में लौट आए हैं। अब उनके स्वरूप में धीरे-धीरे निखार आएगा।

महागठबंधन को खुशफहमी से बचना चाहिए : माले

कुढ़नी उप चुनाव के आए परिणाम पर भाकपा (माले) ने अपनी प्रतिक्रिया पर कहा कि महागठबंधन को खुशफहमी नहीं पालना चाहिए। भाकपा (माले) के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि उप चुनाव का परिणाम अप्रत्याशित है। इसे किसी भी सूरत में हल्के में नहीं लेना चाहिए। भाकपा (माले) ने कहा कि उप चुनाव का परिणाम यह दिखलाता है कि अब भी भाजपा विरोधी वोटों में बिखराव है। वीआईपी और एमआईएम के साथ कुछ अन्य स्वतंत्र उम्मीदवारों को 26 हजार वोट मिले जो जदयू उम्मीदवार की हार का एक बड़ा कारण बना। इस बिखराव को रोकने के लिए गंभीर कोशिश की जरूरत है।

दलितों और पासवान समाज की निर्णायक ताकत एनडीए के साथ : पारस

राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर कहा कि स्पष्ट है कि बिहार में दलितों और पासवान समाज की निर्णायक ताकत एनडीए के साथ है। पारस ने कहा कि गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई देते हैं। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का यह परिणाम है। कुढ़नी में भाजपा की जीत पर रालोजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्काओं के बीच लड्डू बांटे गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रिंस राज ने मिठाई वितरण किया।

कुढ़नी उपचुनाव में हार भी वीआईपी की जीत : मुकेश सहनी

विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि कुढ़नी उपचुनाव में वीआईपी को मिले वोट से तय हो गया कि निषादों का वोट निषाद के बेटे के ही पास है। उन्होंने कहा भाजपा के प्रत्याशी ने कांटे की टक्कर में जदयू प्रत्याशी को हराया। सहनी ने विजयी प्रत्याशी केदार गुप्ता को बधाई देते हुए कुढ़नी के सभी मतदाताओं का आभार जताया है।

सहनी ने कहा कि वीआईपी संघर्ष करने वाली पार्टी है और आगे भी संघर्ष करेगी। कुढ़नी में एक तरफ सत्ताधारी गठबंधन था, जबकि दूसरी तरफ केंद्र वाली सरकार की पार्टी भाजपा थी। इन दोनों के बीच वीआईपी को 10 हजार वोट मिलना बड़ी बात है। भाजपा ने चुनाव में वोट काटने के लिए निषाद समाज से आने वाले तीन लोगों को बतौर उम्मीदवार उतार दिया था, उन तीनों को भी निषाद समाज का वोट मिला है। यह तय है कि निषाद का वोट निषाद के बेटों को ही मिला है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई पार्टी यह नहीं कह सकती कि उन्हें निषाद जाति का वोट मिला।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.