जानिए, किस क्वारंटाइन कैंप में शराब पी कर पहुंच रहे प्रवासी, मचा रहे उत्पात, सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले
मधुबनी के उमगांव क्वारंटाइन कैंप से प्रवासियों का मोबाइल चोरी बीडीओ ने दी कार्रवाई की चेतावनी। कुछ प्रवासियों ने ही बीडीओ से इसकी शिकायत की है।
मधुबनी, जेएनएन। हरलाखी प्रखंड मुख्यालय उमगांव स्थित गर्ल्स हॉस्टल में बने प्रखंड स्तरीय क्वारंटाइन कैंप में उपद्रवी प्रवासियों ने उत्पात मचाया। कैंप की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ प्रवासियों ने ही बीडीओ से इसकी शिकायत की है।
प्रवासियों ने कहा कि यहां आवासित कुछ लोग शाम के समय बाहर निकल जाते हैं। वे शराब पीकर आते हैं। इसके बाद कैंप में उत्पात मचाते हैं। उन्हीं लोगों ने रात में सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया। साथ ही दूसरे प्रवासियों के साथ गाली-गलौच भी की। कुछ के माेबाइल भी चोरी कर लिए गए। इससे अन्य प्रवासियों को रहने में काफी कठिनाई हो रही है।
बताते चलें कि उक्त कैंप में लगभग 150 प्रवासी क्वारंटाइन हैं। प्रशासन द्वारा दो समय भोजन दिया जाता है। सभी प्रवासी को डिग्निटी किट भी उपलब्ध कराया गया है। इस संबंध में बीडीओ अरुणा चौधरी ने कहा कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। सभी को हिदायत दी गई है। उपद्रव मचाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।