विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News : गांधी जी के चरखे से युवाओं के फैशन तक पहुंची खादी, मंत्री बोले-खादी वस्त्र ही नहीं, विचार भी

By Amrendra TiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:47 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के खादी मॉल में गांधी जयंती पर पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने मेगा सेल का उद्घाटन किया, जहां खादी अब युवाओं के फैशन का हिस्सा बन गई है।

मुजफ्फरपुर खादी मॉल में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता व अन्य।

मुजफ्फरपुर खादी मॉल में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता व अन्य।

HighLights

  1. गांधी जयंती पर मुजफ्फरपुर खादी मॉल में मेगा सेल शुरू।

  2. पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने खादी को विचार बताया।

  3. स्थानीय उत्पादों और ट्रेंडी खादी कपड़ों पर 50% छूट।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। गांधी जी के चरखे से निकली खादी अब युवाओं के फैशन तक पहुंच गई है। कभी सादगी और स्वदेशी की पहचान रही खादी अब ट्रेंडी कुर्ते, शर्ट, बंडी और जैकेट के रूप में नई पीढ़ी को आकर्षित कर रही है।

गांधी जयंती पर मुजफ्फरपुर खादी मॉल में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, विचार भी है। खादी के पारंपरिक कपड़ों के साथ अब युवाओं की पसंद के अनुरूप ट्रेंडी डिजाइन भी बाजार में हैं।

kedar gupta

स्थानीय उत्पादों को बाजार

खादी मॉल में कपड़ों के साथ स्थानीय उद्यमियों के बनाए उत्पाद भी बिक्री के लिए रखे गए हैं। पीएमईजीपी और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत तैयार हर्बल उत्पाद, जैविक मसाले और शहद के अलावा हाथ से बने दीये और होम डेकोर के सामान भी उपलब्ध हैं।

इससे स्थानीय स्तर पर तैयार वस्तुओं को बाजार मिलने का रास्ता बन रहा है। मॉल में भागलपुरी तसर सिल्क की साड़ियां, सुजनी आर्ट के कपड़े और अन्य खादी उत्पादों की वैरायटी बढ़ाई गई है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए कपड़ों का स्टॉक भी बढ़ाया गया है।

बुनकरों और उद्यमियों को मिल रही मदद

मेगा सेल का शुभारंभ पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, मेयर निर्मला साहू और भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के बाद मेगा सेल की शुरुआत हुई। समारोह में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि खादी महज वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने से स्थानीय बुनकरों और उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

15 नवंबर तक मेगा सेल

गांधी जयंती के अवसर पर शुरू हुई मेगा सेल 15 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान खादी उत्पादों पर 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। पहले दिन हुई करीब 15 लाख रुपये की बिक्री से मेले में खरीदारों की रुचि का अंदाजा लगाया जा सकता है।

त्योहारी खरीदारी के साथ स्थानीय कारीगरों पर जोर

जिला खादी पदाधिकारी रिजवान अहमद ने बताया कि फेस्टिव सीजन को देखते हुए मॉल में कपड़ों की वैरायटी और स्टॉक बढ़ाया गया है। खादी के साथ ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को भी प्रमुखता दी गई है।