भूमि विवाद में केरोसीन छिड़क भतीजी को जिंदा जलाया, घटना के बाद से गांव में तनाव
गुरुवार की देर रात्रि मो. जफीर की पत्नी ने अब्दुल सत्तार की पुत्री 19 वर्षीय सूफिया परवीन को केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सकरा थाना क्षेत्र के रामपुर बखरी गांव में गुरुवार की देर रात्रि भूमि विवाद को लेकर चाची ने अपनी भतीजी को केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। बताया जाता है कि अब्दुल सत्तार व मो. जफीर के बीच पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार की देर रात्रि मो. जफीर की पत्नी ने अब्दुल सत्तार की पुत्री 19 वर्षीय सूफिया परवीन को केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया। सूफिया की मां ने घटना की सूचना सकरा थाने को दी। सकरा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
हत्या की प्राथमिकी दर्ज
मृतका की मां ने सकरा थाने में बयान दिया कि उसकी पुत्री की हत्या जलाकर की गई है। घटना को अंजाम उनकी गोतनी ने दिया है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस जांच कर रही है कि सूफिया ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका की मां के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसमें उसने अपनी गोतनी को नामजद किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।