विजय आर्या मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता: करनाल ने दिल्ली को 5-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में बनाई जगह
विजय आर्या मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता विजेता टीम के एलेक्स को मिला मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार। आज सेमीफाइनल में होगा मेजबान टीम का नासा क्लब सिवान से मुकाबला।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में खेली जा रही अखिल भारतीय विजय आर्या मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम क्वार्टर फाइनल में शिवानंद हरियाणा फुटबॉल क्लब करनाल ने दिल्ली सुपर साकर एकेडमी को 5-1 से पराजित कर अंतिम चार में स्थान पक्का किया। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार विजेता टीम के एलेक्स को मिला। अब बुधवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मेजबान मुजफ्फरपुर एकादश व नासा फुटबॉल क्लब सिवान के बीच होगा। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार को शिवानंद हरियाणा फुटबॉल क्लब करनाल व धनबाद के बीच होगा।
खुदीराम बोस खेल मैदान में मंगलवार को प्रतियोगिता के चौथे क्वार्टर फाइनल में करनाल की टीम दिल्ली पर भारी पड़ी। खेल के आठवें मिनट पर करनाल की टीम ने मध्य से आक्रमण बनाया। गेंद एलेक्स को मिली, जिसे गोल में तब्दील कर उन्होंने अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। खेल के 25वें मिनट पर करनाल के गुरमीत ने गोल कर टीम की बढ़त को 2-0 पर पहुंचा दिया।
एक बार फिर एलेक्स ने टीम के लिए गोल किया। इससे स्कोर 3-0 हो गया। तीन गोल से पिछडऩे के बाद दिल्ली को गोल मारने का मौका मिला। आयुष ने गोल कर करनाल की बढ़त को 3-1 तक पहुंचा दिया। वहीं खेल के 58वें व 87वें मिनट पर एलेक्स व अरन दावा ने गोल कर करनाल को निर्णायक 5-1 से जीत दिला दी।