चतुर्भुज कप फुटबॉल प्रतियोगिता: झारखंड को हरा आर्मी ब्वॉयज दानापुर फाइनल में
समीर मुर्मू ने किया विजयी गोल, झारखंड के सोनू कुमार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी। मुजफ्फरपुर व लखीमपुर खीरी के बीच दूसरा सेमीफाइनल आज।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहीद खुदीराम बोस खेल मैदान में चल रही 28वीं अखिल भारतीय चतुर्भुज कप फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में आर्मी ब्वॉयज दानापुर ने झारखंड फुटबॉल क्लब को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। खेल के 29वें मिनट पर दानापुर के खिलाडिय़ों ने मैदान के बाएं छोर से आक्रमण किया। गेंद संदीप उरांव को मिली और उन्होंने कई खिलाडिय़ों को छकाते हुए गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
एक गोल से पिछडऩे के बाद झारखंड टीम के खिलाडिय़ों ने तेज आक्रमण किया। खेल के 32वें मिनट पर उसे स्कोर बराबरी करने का मौका मिला। मध्य से हुए आक्रमण को जिग्मे नें गोल में तब्दील कर स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। उसके बाद दोनों टीमों ने लगातार एक-दूसरे पर आक्रमण किया। खेल के 77वें मिनट पर दानापुर की टीम ने दाएं छोर से आक्रमण किया।
गेंद समीर मुर्मू को मिली और उन्होंने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो मैच के अंत तक कायम रही। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार झारखंड फुटबॉल क्लब के सोनू कुमार को दिया गया। प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मैच रविवार को बिहार यूनाइटेड मुजफ्फरपुर एवं यंग ब्वॉयज फुटबॉल क्लब लखीमपुर खीरी के बीच होगा।