Bihar Chunav 2020: जीतनराम मांझी का तेजस्वी पर तंज, कहा- अनुभवहीन को दायित्व सौंपना विकास की रफ्तार पर रोक लगाना
पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कांटी विधानसभा क्षेत्र में सभा को किया संबोधित। कहा- जिन्हें कार्य करने का अनुभव नहीं है वो मुख्यमंत्री प्रत्याशी बनकर लोगों को भटकाने का काम कर रहे हैं। अनुभवहीन को दायित्व सौपना विकास की रफ्तार पर ब्रेक लगाना है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिन्हें कार्य करने का अनुभव नहीं है, वो मुख्यमंत्री प्रत्याशी बनकर लोगों को भटकाने का काम कर रहे हैं। अनुभवहीन को दायित्व सौपना विकास की रफ्तार पर ब्रेक लगाना है। उक्त बातें हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कांटी विधानसभा क्षेत्र के पानापुर हाईस्कूल के मैदान में एनडीए के घटक जदयू प्रत्याशी मो. जमाल के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था में महिलाओं को आरक्षण देकर महिलाओं को सशक्त किया गया। विपक्ष द्वारा पूर्ववर्ती 15 वर्षों के शासन काल में जातीय उन्माद फैलाया गया, आज उसके युवराज खुद शिक्षित नहीं हैं, वे ज्ञान बांट रहे हैं। जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि सामाजिक न्याय का नारा देने वाला जेल में बंद है। उनका विकास सिर्फ अपने परिवार तक सिमट गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विकास दर को 3 फीसद से बढ़ाकर करीब 12 फीसद कर दिया, पूरा बिहार उनका परिवार है। लाठी में तेल पिलाने का जमाना लद गया, आज टेक्नोलॉजी का जमाना है। नीतीश के 15 साल में अल्पसंख्यकों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। जनसंख्या के आधार पर आरक्षण की हमारी पार्टी पक्षधर है। नीतीश सरकार में बेटियां सुरक्षित हैं। दोनों नेताओं ने जात- पात से ऊपर उठकर मतदान नीतीश कुमार का हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।
संचालन प्रखंड अध्यक्ष सौरभ कुमार साहेब व अध्यक्षता मड़वन प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद पटेल ने किया। मौके पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ईरफान अहमद दिलकश, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष कारी साहू, मिथिलेश पासवान, शैलेश कुमार शैलू, चंदन पांडेय, सर्वजीत कुमार, रामजी सहनी, हम के जिलाध्यक्ष सरीफुल हक, महेश प्रसाद साह, सचिंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।