बोले जदयू नेता संजय सिंह, नागरिकता संशोधन बिल के बहाने उपद्रव मचाने वालों का इलाज करेगी जनता
महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने मुजफ्फरपुर पहुंचे संजय सिंह। बोले महाराणा प्रताप ने मुगलों को धूल चटाई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। विधान पार्षद व जदयू के प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि पटना में 20 जनवरी को महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर मिलर हाई स्कूल पटना में आयोजित समारोह ऐतिहासिक होगा। समस्त समाज व देश की खातिर महाराणा प्रताप ने मुगलों को धूल चटाने का काम किया। उसी तरह से क्षत्रिय समाज सबके अधिकार के लिए लड़ता रहेगा।
सिंह शुक्रवार को बैरिया में वीर सपूत महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर 20 जनवरी को पटना में आयोजित कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी को पटना चलने का न्योता दिया। अध्यक्षता प्रो. देवव्रत प्रसाद ने की। मंच संचालन डॉ.प्रवीण कुमार सिंह ने किया। मौके पर ई. रवींद्र सिंह, अरविंद निषाद, राजीव रंजन पटेल, ठाकुर हरिकिशोर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, विनीता सिंह, वर्षा सिंह, शंकर सिंह, टोनी सिंह, रोहित सिंह, राघवेंद्र सिंह, सुमन सिंह आदि उपस्थित रहे।
बिहार में लागू नहीं होगा एनआरसी
जदयू प्रवक्ता सिंह ने कहा कि बिहार में एनआरसी लागू नहीं होगा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह स्पष्ट कर दिया है। जानकारी की कमी से उपद्रवी लोग सड़क पर आ जाते हैं। वे जदयू जिला कार्यालय में संवाददाताओं से मुखातिब थे। कहा कि बिल के बारे में लगातार मीडिया के माध्यम से बताया जा रहा है। उसकी जानकारी लेनी चाहिए। लेकिन, कुछ लोग जनता को भड़का रहे तथा उनको गुमराह करके अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रहे हैं। ऐसे नेताओं का इलाज 2020 के विधानसभा चुनाव में जनता कर देगी।
लूटपाट की मंशा लेकर उतरते हैं राजद कार्यकर्ता
लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सबको है। उसके तरीके भी हैं। लेकिन पूरे सूबे की जनता राजद का चाल, चेहरा, जान रही है। बंदी के बहाने गुंडागर्दी करते हैं। जहां पाओ वहां पर लूटखसोट मचा दो। आम नागरिकों को परेशान करो। कोई बीमार जाम में फंस कर तड़पता रहे, यहीं करते हैं बंदी में राजद के कार्यकर्ता। सिंह ने कहा कि बंदी में क्या करते यह किसी से छुपा थोड़े हैं।
सरकारी संपत्ति को नष्ट करते हैं, जो लोग सड़क पर चलते हैं उन पर लाठी बरसाना इनका काम है। ये सब करने के लिए बिहार बंद का आह्वान किया है। गुरुवार को जिस तरह से वामपंथी दलों का बंद असफल रहा, उसी तरह से राजद का बंद भी फ्लॉप होगा। मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष रंजीत सहनी, महानगर अध्यक्ष अम्बरीश कुमार सिन्हा, ठाकुर हरिकिशोर सिंह, शैलेश कुमार शैलू, शिशिर कुमार नीरज, मीनापुर प्रखंड अध्यक्ष पंकज किशोर पप्पू, कांटी अध्यक्ष सौरभ कुमार साहेब आदि ने बुके देकर स्वागत किया।