Muzaffarpur Nagar Nigam News: पर्व को देखते हुए रात्रि सफाई अभियान चलाएगा निगम, नगर आयुक्त ने दिया निर्देश
Muzaffarpur Nagar Nigam News पर्व-त्योहार के समय दिन में सड़कों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम रात्रि पाली में सफाई अभियान चलाएगा। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रतिदिन वार्डो को कचरा निष्पादन के लिए टै्रक्टर उपलब्ध कराने का दिया निर्देश।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पर्व-त्योहार के समय दिन में सड़कों पर होने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम रात्रि पाली में सफाई अभियान चलाएगा। सफाई उपकरणों की मदद से शहर की सभी मुख्य सड़कों की सफाई की जाएगी। इसके लिए निगम के उपलब्ध सभी उपकरणों को लगाया जाएगा। ट्रैक्टर चालकों की कमी होने पर एजेंसी के माध्यम से बहाल किया जाएगा। वहीं, शहर के सभी वार्डों को प्रतिदिन ट्रैक्टर उपलब्ध कराया जाएगा ताकि ससमय डंंिपंग स्थल से कचरे का उठाव किया जा सके। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने बहलखाना प्रभारी को प्रतिदिन सभी वार्डों को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने को कहा है।
टै्रक्टर खराब होने की स्थिति में उपलब्ध टै्रक्टर को दूसरी पाली में काम पर लगाने को कहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सभी वार्डो से प्रतिदिन कचरे का निष्पादन किया जाना है। उन्होंने उप नगर आयुक्त को चालकों की कमी दूर करने को कहा है। वहीं, महापौर सुरेश कुमार ने दशहरा एवं दीपावली के अवसर पर शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने को कहा है। किसी भी डंपिंग प्वाइंट पर कचरा एक दिन से अधिक नहीं रहे, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने भी रात्रि सफाई अभियान को लागू करने को कहा है ताकि सफाई के दौरान जाम की समस्या नहीं उत्पन्न हो।
वार्ड पार्षद से पैरवी कराने पर नगर आयुक्त नाराज
पंकज मार्केट रोड से जलनिकासी में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने अंचल निरीक्षक को निलंबित कर दिया था। लेकिन, अंचल निरीक्षक द्वारा निलंबन मुक्त करने के लिए पार्षद से पैरवी कराई गई। इससे नगर आयुक्त नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि पार्षद की शिकायत के बाद ही अंचल निरीक्षक पर कार्रवाई हुई थी। ऐसे में उनसे पैरवी करवाना अनुशानहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने अंचल निरीक्षक से इस कृत के लिए जबाव मांगा है और आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी है।