अवैध संबंध के शक में कटरा में सोई अवस्था में पत्नी को धारदार हथियार से काट डाला Muzaffarpur News
हत्या करने के बाद पति फरार हो गया। हत्या के कारणों का सही-सही पता नहीं चला है। पुलिस इसके पीछे पत्नी के अवैध संबंध के शक में घटी घटना बता रही है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कटरा थाना क्षेत्र के नेउदी गांव में रविवार की देर रात सोई अवस्था में रोशन खातुन (45) की उसके पति मो.अख्तर ने टेंगारी से काट डाला। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद अख्तर फरार हो गया। हत्या के कारणों का सही-सही पता नहीं चला है। पुलिस इसके पीछे पत्नी के अवैध संबंध के शक में घटी घटना बता रही है।
वहीं कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अख्तर मजदूरी करता था। आर्थिक तंगी के कारण उसका पत्नी से अक्सर विवाद हो जाता था। इसी को लेकर रविवार की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। मृतका के पुत्र नेयाज के बयान पर उसके खिलाफ केस दर्ज की गई है। उसने घटना के बारे में कुछ भी नहीं बताया है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है।
यह हुई घटना
कटरा थानाध्यक्ष सिंकदर कुमार ने बताया कि अख्तर को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। वह हमेशा इसको लेकर उसे प्रताडि़त करता था। वह कहीं भी जाता तो तुरंत लौट आता था, और अपनी पत्नी की निगरानी करता रहता था। आस-पड़ोस व नाते-रिश्तेदारों ने कई बार समझाया लेकिन उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। रविवार की आधी रात जब रोशन सोई थी तभी अख्तर उसके गर्दन पर टेंगारी (लकड़ी काटने वाला तेज हथियार) से वार कर दिया।
एक सप्ताह के अंदर तीन महिलाओं की काट कर हत्या
कटरा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर यह दूसरी घटना है। दोनों घटनाओं में अब तक तीन महिलाओं को तेज हथियार से काट कर हत्या कर दी गई। इससे पहले एक जुलाई को यजुआर पश्चिमी पंचायत के भोरहां गांव के छोटे सहनी ने अपनी वृद्ध मां सावित्री देवी व चाची बुधनी देवी को गड़ासा (चारा काटने वाला तेज हथियार) से काट कर हत्या कर दिया था। छोटे को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।