Muzaffarpur Suicide News : मुजफ्फरपुर में सुसाइड से पहले दंपती ने किया टाॅस, महिला ने बेटे से कहा- बच गया और ट्रेन के आगे लगा दी छलांग, जानिए पूरी घटना
Muzaffarpur Suicide News दीपक ने एक सिक्का निकाला और हवा में उछाल दिया। रिंकू बोली बच गया। इसी बीच मालगाड़ी आती दिखी। महिला ने बेटे से कहा तुम घर जाओ। इतना कहकर उसने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। पीछे से दीपक ने भी छलांग लगा दी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Muzaffarpur Suicide News : जिला अंतर्गत सकरा थाना क्षेत्र के ढोली व दुबहा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित मिश्रौलिया गुमटी संख्या 158-2 के समीप एक लोमहर्षक घटना घटी। एक दंपती ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। उनकी पहचान चंदनपट्टी निवासी दीपक साह व उनकी पत्नी रिंकू देवी के रूप में हुई है। सकरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पारिवारिक विवाद से परेशान
सकरा में हुई यह घटना आत्महत्या की सामान्य घटना नहीं थी। पारिवारिक विवाद से परेशान दीपक और रिंकू ने जान देने का फैसला किया। लेकिन, उनके सामने एक बड़ा सवाल था कि उनके बेटे का क्या होगा? इस घटना के साक्षी रहे दीपक व रिंकू के पुत्र प्रिंस ने बताया कि मंगलवार की दोपहर वह पढ़कर आया। अन्य दिनों की तरह उसके माता-पिता किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहे थे। इस बीच दीपक ने उसकी पिटाई भी कर दी। डर से वह होमवर्क करने लगा। इस बीच माता-पिता दोनों घर से बाहर जाने लगे। कहा, तुम रहकर क्या करोगे? चलो। वह भी माता-पिता के साथ हो लिया। तीनों ढोली व दुबहा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित मिश्रौलिया गुमटी संख्या 158-2 के समीप पहुंच गए। वह भी वहीं खड़ा था।
माता-पिता ने जान दे दी
दीपक व रिंकू आपस में बात करते रहे। इसी बीच दीपक ने एक सिक्का निकाला और हवा में उछाल दिया। रिंकू बोली, बच गया। इसी बीच मालगाड़ी आती दिखी। महिला ने बेटे से कहा, तुम घर जाओ। इतना कहकर उसने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। पीछे से दीपक ने भी छलांग लगा दी। प्रिंस की आंख के आगे उसके माता-पिता ने जान दे दी। उनकी मौत का खौफ लिए वह घर गया और स्वजनों को इसकी जानकारी दी। इस बीच आसपास के लोग जमा हो गए। हालांकि इसकी लिखित शिकायत अबतक थाने में नहीं की गई है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।