मुजफ्फरपुर में दो दिनों तक थाने में गिरफ्तारी नहीं होने पर सभी थानाध्यक्षों को देना होगा जवाब
पुलिस मुख्यालय के आदेश के आलोक में तिरहुत रेंज के आइजी पंकज सिन्हा ने सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। पुराने मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर सभी थानाध्यक्षों को विशेष टास्क।
मुजफ्फरपुर, जासं। मामला दर्ज कर कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल देने वाले थानाध्यक्षों की खैर नहीं है। पुलिस मुख्यालय से सभी थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए गए है। कहा गया है कि हर दिन थाने में आरोपितों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। अगर दो दिनों तक थाने में गिरफ्तार आरोपित की संख्या शून्य हई तो संबंधित थानाध्यक्षों को स्पष्टीकरण का जवाब देना होगा। पुलिस मुख्यालय के आदेश के आलोक में तिरहुत रेंज के आइजी पंकज सिन्हा ने सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
बता दें कि आइजी के रेंज में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिले आते है। इसके लिए सभी संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने अनुमंडल से खैरियत रिपोर्ट हर दिन आइजी कार्यालय को देने को कहा गया है। इसमें यह देखा जाएगा कि जिस थाने से दो दिनों तक लगातार एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई तो संबंधित थानाध्यक्ष स्पष्टीकरण के साथ जवाब देंगे। जवाब संतोषप्रद नहीं देने पर संबंधित पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बताते चले कि गत दिनों एटीएस के एडीजी भी यहां आए थे। उनके द्वारा बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुराने मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष टास्क दिया था। इसके तहत कई थाने में कार्रवाई चल रही है, लेकिन अधिकतर जगहों पर शिथिलता बरती जा रही है।
फकुली के मजदूर की नासिक मुंबई में संदिग्ध स्थिति में मौत
मनियारी, (मुजफ्फरपुर), संस : फकुली ओपी क्षेत्र के फकुली गांव निवासी मोहम्मद जैनुद्दीन के पुत्र मो. फैयाज (22) की नासिक मुंबई में संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। शव आते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
बताते हैैं कि मो.इरशाद व रहबर के साथ छह माह पहले वह नासिक जिले के देवला में टायर का काम सीखने गया था। 16 मई की रात नौ बजे उसकी पिता से मोबाइल पर बातचीत हुई। वहीं, 17 मई को सुबह सात बजे मो.इरशाद व रहबर मोबाइल पर उसके पिता से बात कर बताया कि आपका लड़का कहीं भाग गया है। उन्होंने कहा कि हम भी वहीं आते हैैं और मिलकर खोजते हैैं। इस पर दोनों ने कहा कि हम उसे खोज रहे हैं। आपको आने की जरूरत नहीं है। अचानक 23 मई को उसका शव दुकान से तीन किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। नासिक पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए भेजा। 26 मई को शव घर फकुली लाया गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। शव को मो.इरशाद के घर पर रख कर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख ओपी प्रभारी मोहन कुमार व फकुली पंचायत के मुखिया सुनिल कुमार मंगलम ने शांति बनाए रखने के लिए कैंप कर पुलिस बल तैनात किया। बाद में देर रात मामला शांत हो गया।