मुजफ्फरपुर में जलावन रखने के लिए शुरू हुए विवाद में चली गई एक युवक की जान, स्थिति अब भी तनावपूर्ण
महिलाओं के बीच विवादित जमीन पर जलावन रखने को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच मारपीट होने लगी। फिर ...
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मीनापुर थाना क्षेत्र के महदेइयां गांव में शनिवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर 32 वर्षीय राजेश कुमार की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसे बचाने गई पत्नी पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के एक अन्य युवक का हाथ रॉड से मारकर तोड़ दिया गया। घटना को लेकर गांव में भारी तनाव है। मीनापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
महिलाओं के समर्थन में आए पुरुष
सुबह लगभग नौ बजे राजेश कुमार व गांव के सकल प्रसाद के परिवार की महिलाओं के बीच विवादित जमीन पर जलावन रखने को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी ने कुछ ही देर में हिंसक रूप ले लिया। दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच मारपीट होने लगी। महिलाओं के समर्थन में दोनों परिवारों के पुरुष भी आमने-सामने हो गए। सकल प्रसाद के समर्थकों ने राजेश कुमार के ऊपर रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस तैनात
गांव के कई लोग बीच-बचाव करने आए, लेकिन उन्हें भी मार-पीटकर भगा दिया गया। मीनापुर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि भूमि विवाद में मारपीट हुई। गांव में शांति व्यवस्था कायम करने को लेकर पुलिस बल को तैनात किया गया है। आरोपित फरार हैं।