Suicide : दरभंगा में कर्ज के बोझ तले दबे दवा कंपनी के एरिया मैनेजर ने की खुदकशी, परिजन बेहाल
Area manager committed suicide बब्बू ने अपनी कनपट्टी में सटाकर गोली मारी। गोली लगने के साथ ही घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
दरभंगा, जेएनएन। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपुर मोहल्ला में बुधवार को एक दवा कंपनी के मैनेजर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर घर और आसपास अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। शव की शिनाख्त राजेश कुमार सिंह उर्फ बब्बू सिंह के रूप में की गई है।
वह समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के महमदा निवासी भुवेनेश्वर प्रसाद सिंह का पुत्र थे। वह लंबे दिनों से मदारपुर मोहल्ला में घर बनाकर रह रहे थे। बताया जाता है कि बब्बू एरिया मैनेजर के अलावा जमीन का कारोबार भी करते थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वह पारिवारिक परेशानी के कारण विगत छह माह से परेशान चल रहे थे। बताया जाता है कि कारोबार के कारण उनपर कर्ज का काफी दबाव था। वह अपनी पुत्री की शादी करने वाले थे। कुछ दिन पूर्व ही बेटी की शादी नेपाल में तय की थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एक रिवाल्वर बरामद किया है, जो बब्बू सिंह का लाइसेंसी बताया जा रहा है। बब्बू ने अपनी कनपट्टी में सटाकर गोली मारी। गोली लगने के साथ ही घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष एचएन सिंह ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। इधर, घटना के बाद पत्नी स्वेता शर्मा और पुत्री डॉ. श्रिया का रो-रोकर बुरा हाल है।