दरभंगा में नशे में धुत्त दबंगों ने महिला को निर्वस्त्र कर पीटा, बचाने गए पति व पुत्र को भी बुरी तरह मारा
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव में दबंगों ने एक महिला को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसे बचाने गए पति व पुत्र को भी लोगों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी की गई है दर्ज।
दरभंगा, जेएनएन। दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थानाक्षेत्र के आधारपुर गांव के दबंगों ने एक महिला के साथ मानवता को शर्मसार करनेवाली घटना को अंजाम दिया। महिला को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटा। इस दौरान उसे बचाने गए पति व पुत्र को भी लोगों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया।
गंभीर रूप से जख्मी महिला का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में चल रहा है। जबकि उसे पति और पुत्र का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया। दीपावली की रात हुई घटना में पुलिस कार्रवाई तेज हुई है।
इस सिलसिले में पीडि़त महिला ने गांव के ही चंदन मिश्र, सुदर्शन मिश्र, विनोद मिश्र, गौरव कुमार मिश्र, आशुतोष मिश्र, देव रंजन मिश्र, ,गीता ठाकुर, सहित 16 लोगों के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को पीडि़त महिला ने बताया है कि वह अपने अपने घर में पूजा कर रही थी। वह पूजा करने में लीन थी। इसी दौरान उपरोक्त लोग शराब के नशे में आए। मारपीट कर घर में रखे कीमती सामान को लूटने लगे। विरोध करने पर निर्वस्त्र कर पीटा।
वहीं पीडि़त महिला के पुत्र ने बताया कि हमलावरों में शामिल कुछ लोग कह रहे थे कि जिस तरह से गांव में प्रेम प्रसंग के मामले में लड़के की मां को सिंदूर एवं माला पहनाया गया, उसी तरह से इस महिला की भी शादी किसी दूसरी जाति से कराओ।
इसी दौरान घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखने के साथ सभी लोग वहां से भाग गए। फिर पुलिस के सहयोग से जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पीडि़त परिवार के लोग डरे सहमे हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का पटाक्षेप कर लिया जाएगा।