बिहार में बेटी की आबरू बचाने के लिए युवक से भिड़ी मां, एकतरफा प्यार में शख्स ने पार की सारी हदें
West Champaran Crime पश्चिम चंपारण में एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है। एकतरफा प्यार में युवक ने युवती को मार डाला। खिड़की तोड़कर घर में घुसा था हत्यारोपी विशाल यादव। घटना की रात हत्यारोपी और उसका परिवार घर से फरार। हत्या मामले में गौनाहा पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी।
पश्चिम चंपारण ( गौनाहा), जासं। दो माह पहले अपनी पत्नी की हत्या की। फिर गांव के एक परिवार की बेटी पर डोरे डालने लगा। एकतरफा प्यार में युवक विशाल यादव लड़की पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगा। ऐसा नहीं करने पर 25 जून को हत्या की तिथि भी तय कर दी थी, जिससे युवती के स्वजन सहमे हुए थे। मृत युवती की मां ने बताया कि बेटी की शादी पूर्वी चंपारण में तय कर दी थी। फरवरी 2023 में शादी होनी थी। लेकिन आरोपित जबरन मेरी बेटी को भगा ले जाना चाह रहा था। ऐसा नहीं करने पर हत्या की धमकी दे रहा था। इस दौरान शुक्रवार की रात करीब एक बजे खिड़की तोड़कर घर में घुसा और उसकी हत्या कर दी।
महिला ने बताया उसे चार बेटियां हैं और दो छोटे छोटे बेटे हैं। पति कमाने के लिए बाहर गए हुए है। हालांकि दोपहर तक युवती के पिता घर पहुंच गए थे। कई ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित झगड़ालू और दबंग है। उसके भय से पीडि़त परिवार के लोग कुछ बोल नहीं पा रहे थे। कई महिलाओं ने बताया कि आरोपित के गलत आचरण के कारण गांव की महिलाएं डरी सहमी रहती हैं। लेकिन दबंग होने के कारण उससे कोई उलझना नहीं चाहता। अगर उसकी पत्नी की हत्या में पुलिस ने कार्रवाई की होती तो शायद युवती की जान बच जाती।
बेटी की आबरू बचाने 15 मिनट संघर्ष की मां
जब युवती की मां की नींद खुली तो युवक जबरदस्ती कर रहा था। युवती बचाव कर रही थी। वह कह रहा था मेरे साथ भाग चलो, नहीं तो कहीं का नहीं छोड़ेंगे। बेटी की आबरू बचाने के लिए 15 मिनट तक बीमार मां संघर्ष की। उसे मारकर गिरा दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। जब होश में आई तो उसकी बेटी की हत्या कर आरोपित फरार हो गया था।
आरोपित युवक सपरिवार घर बंद कर फरार
शुक्रवार की रात में मृतक और उसकी मां घर में अकेली है, इसकी जानकारी आरोपित को थी। क्योंकि मृतका के पिता मजदूरी करने बाहर गए हैं। दादा अपनी बेटी के यहां गए थे। बगल के कमरे में छोटी बहन और छोटे भाई सोए हुए थे। बेटी और मां एक ही रूम में सोई थीं। रात्रि का समय होने के चलते गांव वालों को विलंब से सूचना मिली। तब तक हत्यारा युवक और उसके परिवार वाले घर में ताला बंद कर फरार हो गए।
पत्नी की हत्या कर खुलेआम घूम रहा था आरोपित
बीते 28 अप्रैल को आरोपित ने अपनी पत्नी रीमा देवी (28) की हत्या कर दी। हल्ला किया कि सर्पदंश से उसकी मौत हो गई। हालांकि इसकी सूचना उसके ससुराल वालों को लगी। वे आए और उसके साले अभिषेक कुमार ने दहेज के लिए हत्या करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करा दी। हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी आरोपित खूलेआम गांव में घूम रहा था। जबकि थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा का कहना है कि उस मामले में अभी विसरा जांच की रिपोर्ट नहीं मिली है। इस वजह से कार्रवाई लंबित है। एसडीपीओ कुंदन कुमार ने कही कि, युवती के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करेगी।