वीटीआर के जंगल से निकल रहे जानवरों पर शिकारियों की नजर, बगहा में दो हिरणों को मार डाला
पश्चिम चंपारण के बथवरिया थाना क्षेत्र में शिकारियों ने हिरणों को मार डाला। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने शवों को बरामद किया। टीम आगे की कार्रवाई में जुटी थी।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बगहा पुलिस जिले के चौतरवा और बथवरिया थाना क्षेत्र में शिकारियों ने हिरणों को मार डाला। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने शवों को बरामद किया। टीम आगे की कार्रवाई में जुटी थी। बगहा वन क्षेत्र पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि बुधवार शाम चौतरवा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के पास एक शव मिला। वहीं, गुरुवार को बथवरिया थाना क्षेत्र में दूसरा शव मिला। इस बाबत दो अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए हैं। शिकारियों की पहचान की जा रही है। गुरुवार देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं थी।
गौरतलब है कि गर्मी बढऩे के साथ ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व ( वीटीआर) के जंगल से निकले जानवर रिहायशी क्षेत्र की ओर रुख करने लगे हैं। बाघ, तेंदुआ, भालू और हिरणों की लगातार चहलकदमी की सूचनाएं मिलती रहती हैं। जंगल से सटे गांवों में जहां हिंसक जानवरों का खतरा है। वहीं, शिकारियों की नजर शाकाहारी जानवरों पर बनी रहती है। लेकिन, वन विभाग इस पर रोक नहीं लगा पा रहा है।