रिश्ते तार-तार, दोस्तों संग पार्टी करने के बहाने बुलाकर पति ने किया पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
चार वर्ष बाद डीजीपी के आदेश पर पति व अन्य पर प्राथमिकी। दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने की दे रहा था धमकी।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। दोस्तों के संग पार्टी करने के बहाने पत्नी को बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म कराने एवं पीडि़ता का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का एक मामला सामने आया है। हालांकि दुष्कर्म की यह घटना 16 नवंबर 2016 की है। वर्ष 2018 से पीडि़ता न्याय के लिए भटक रही थी। फिलवक्त यह मामला बिहार के पुलिस महानिदेशक के संज्ञान में आया है। उसके बाद बैरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दहेज के लिए करता था प्रताडि़त
पीडि़ता का मायका पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर प्रखंड के एक गांव में है। उसकी शादी वर्ष 2014 में पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया प्रखंड के एक गांव निवासी तजाद्दीन खां से हुई थी। शादी के दो - तीन माह बाद तक वह ससुराल में काफी खुशहाल थी। लेकिन उसके बाद पति बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगा और इसके लिए प्रताडि़त भी कर रहा था। पीडि़ता का आभूषण भी छीनकर बेच दिया।
पार्टी के बहाने किया सामूहिक दुष्कर्म
बाद में आरोपित पति बाहर कमाने चला गया। दो - तीन माह काम करने के बाद घर आया और वर्ष 2016 में अपने दोस्त के घर पार्टी होने की बात कह उसे बुलाकर ले गया। जहां उसके चार दोस्त पहले से मौजूद थे। वहां कोई पार्टी नहीं थी। दोस्तों को देख पीडि़ता डर गई, तो पति हाथ पकड़ कर कमरे में ले गया और बंद कर दिया, जहां चारों दोस्तों ने दुष्कर्म किया। वहां से लौटने पर पति किसी से कुछ भी कहने पर जान से मारने की धमकी देता था। इस बीच, पीडि़ता ने एक बच्ची को जन्म दिया।
इंसाफ दिलाने के लिए पिता कर रहे संघर्ष
वर्ष 2018 में पीडि़ता अपने मायके गई और पति की करतूत की जानकारी परिवार के लोगों को दी। पीडि़ता के पिता दिल्ली में रहकर ऑटो चलाते हैं। पीडि़ता दस माह की बच्ची को लेकर अपने पिता के पास पहुंची। पिता ने बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष आरंभ किया। सबसे पहले इसकी शिकायत दिल्ली महिला आयोग में की। महिला आयोग ने संज्ञान लिया और मामले में कार्रवाई के लिए बेतिया एसपी को भेजा। लेकिन, यहां कोई कार्रवाई उस वक्त नहीं हुई। इसके बाद पीडि़ता ने सूबे के मुख्यमंत्री को आवेदन दिया। इसके बाद मामले में कांड दर्ज हुआ है।
इस घटना के संबंध में बेतिया एसपी निताशा गुडि़या ने कहा कि महिला की शिकायत पर बैरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।