पत्नी का फेक फेसबुक अकाउंट बना पोस्ट कीं अश्लील तस्वीरें, गया जेल
बिहार के जसमीत सिंह को पत्नी का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर अश्लील तस्वीरें पोस्ट करना महंगा पड़ गया। पंजाब पुलिस ने उसे बेतिया से गिरफ्तार कर लिया है। क्या है मामला, जानिए।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। मुजफ्फरपुर से सटे बेतिया निवासी जसमीत सिंह को पत्नी का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उससे अश्लील तस्वीरें पोस्ट करना महंगा पड़ गया। इस मामले में पंजाब पुलिस ने उसे बेतिया पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित पति का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पीडिता का देवर फरार
आरोपित पति को गिरफ्तार करने के बाद पंजाब पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड के लिए उसे न्यायालय में पेश किया। जबकि अश्लील तस्वीर पोस्ट करने के मामले में महिला का देवर दीपेंद्र दीप सिंह फरार है। कालीबाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि जसमीत के खिलाफ पंजाब के लुधियाना निवासी उसकी पत्नी ने दुग्री थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मार्च में दर्ज कराया था मामला
पीडिता ने इस मामले में19 मार्च 2018 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें उसने अपने पति जसमीत सिंह व देवर दीपेंद्र दीप सिंह पर फर्जी फेसबुक आइडी बनाने और अश्लील तस्वीर पोस्ट करने आरोप लगाया था।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अनुसंधान के दौरान मामला सत्य पाया गया। इसके बाद पंजाब पुलिस के एएसआइ सुखदेव सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह व कांस्टेबल शमशेर सिंह बेतिया पहुंचे। रविवार को कालीबाग पुलिस के सहयोग से संतरेसा रोड स्थित पीडिता के ससुराल में छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि आरोपित देवर इस मामले में अब भी फरार है।