अहियापुर में होमगार्ड जवान के बेटे को गोलियों से भूना
अहियापुर थाना क्षेत्र के आनंद बिहार कॉलोनी के समीप शनिवार की रात दस बजे अपराधियों ने होमगार्ड जवान के पुत्र को गोलियों से भून दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के आनंद बिहार कॉलोनी के समीप शनिवार की रात दस बजे अपराधियों ने होमगार्ड जवान के पुत्र को गोलियों से भून दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अहियापुर थाने में पदस्थापित होमगार्ड जवान प्रमोद कुमार राय के पुत्र सुजीत कुमार (22) के रूप में हुई है। वह बीए पार्ट टू का छात्र था। सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाने की गश्ती दल मौके पर पहुंची। गश्ती टीम में सुजीत के पिता भी शामिल थे। घटना के समय वे संगम घाट के समीप गश्ती कर रहे थे। मौके पर बेटे को खून से लथपथ गिरे देख हैरान हो गए। आनन-फानन में उसे एसकेएमसीएच में लाया गया, लेकिन, पहुंचने के साथ ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बेटे के शव के साथ लिपटकर चीत्कार मारकर रोने लगे। अन्य कर्मियों द्वारा उन्हें ढाढस देकर शांत कराने की कोशिश की गई। पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है। अहियापुर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है। कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सभी बिंदुओं पर जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी की कवायद की जा रही है।
बताया गया कि प्रमोद मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले हैं। लेकिन करीब दो दशक से सहबाजपुर स्थित आनंद बिहार कॉलोनी में अपना मकान बनाकर सपरिवार रह रहे हैं। शनिवार की रात पिता को खाना देकर अहियापुर थाना से सुजीत लौट रहा था। इसी क्रम में घर के समीप कॉलोनी में अपराधियों ने उसे गोलियों से भून दिया। ताबड़तोड़ छह गोली मारी जाने की बात सामने आई है। हाथ, गले व पेट के समीप गोली लगी है। गोलियों की आवाज सुनने के बाद पड़ोस के लोग निकले। लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। पूछताछ में पता चला कि कुछ दिन पूर्व रंगदारी मांगे जाने को लेकर होमगार्ड जवान के घर में तोड़फोड़ व मारपीट की घटना हुई थी। लेकिन पूर्व के थानाध्यक्ष ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके कारण जवान को कोर्ट में दो लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज करना पड़ा था। इसके अलावा अन्य कारणों पर भी पुलिस जांच में जुटी है। बताया गया कि सुजीत की बहन की शादी दिसंबर में होनी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। इधर, होमगार्ड जिला संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।