समस्तीपुर के हिमांशु बने वर्चुअल सिंगिंग रियलिटी शो फ्लुटीन होमस्टार के विनर
गोवा के ओंकार शिवाकर और कोलकाता की अनुष्का पात्रा को को पीछे छोड़ा। हिमांशु फिलहाल दिल्ली में संगीत शिक्षक के रूप में चर्चित हैं।
समस्तीपुर, जेएनएन। मोहिउद्दीननगर के हिमांशु ने राष्ट्रीय स्तर पर संगीत में परचम लहरा दिया। वर्चुअल सिंगिंग रियलिटी शो फ्लुटीन होमस्टार में गोवा के ओंकार शिवाकर और कोलकाता की अनुष्का पात्रा को हराकर खिताब हासिल किया। म्यूजिक एप द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में गायकी का जलवा बिखेर जिले का सम्मान बढ़ाया है।
वर्चुअल म्यूजिक टैलेंट की खोज के लिए म्यूजिक एप ने कांटेस्ट का आयोजन किया था। इसमें देश के कई स्थापित कलाकारों ने भी हिस्सा लिया। भारत के कई नामी निर्णायकों द्वारा तीन बेहतरीन आवाज बिहार से हिमांशु कुमार, पश्चिम बंगाल की अनुष्का पात्रा तथा गोवा से ओंकार शिवांकर का चयन किया गया। हिमांशु फिलहाल दिल्ली में संगीत शिक्षक के रूप में चर्चित हैं। उसके साथ चुनी गई अनुष्का पात्रा सारेगामापा 2019 की रनर रही थीं।
प्रतिभागियों से मांगे गए थे सिंगिंग वीडियो
मोहिउद्दीननगर प्रखंड के रमैया निवासी भागवत राय तथा शिक्षिका लल्ली देवी यादव के इस होनहार पुत्र ने इस प्रतियोगिता में अव्वल आकर राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। इससे पूर्व भी हिमांशु अखिल भारतीय स्तर पर संगीत के कई बड़े मंच को साझा कर चुका है और राष्ट्रीय स्तर पर श्रोताओं की तालियां और अवार्ड बटोर चुका है। इस लॉकडाउन के अवसर पर फ्लुटिन म्यूजिक एप न्यू स्टार की खोज के लिए वर्चुअल म्यूजिक टैलेंट प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें गाना से अभिरुचि रखने वाले स्टार से उसके सिंगिंग वीडियो मांगे गए थे।
क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर
कई वीडियो को देखने के बाद देश के कई प्रमुख संगीत के निर्णायकों द्वारा भारत के तीन टैलेंट को खोजा गया। इसके निर्णायक में सुखवीर सिंह, राजी शिंदे तथा सोहेल सेन जैसे राष्ट्रीय संगीत कलाकार शामिल हैं। हिमांशु के इस प्रदर्शन के बाद पूरे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। ऑनलाइन वोटिंग के फलस्वरूप हिमांशु होम स्टार की संज्ञा से विभूषित किया गया। वोटिंग में हिमांशु को 70 हजार से अधिक मत मिले। होम स्टार विनर होने के बाद हिमांशु को पार्श्व गायन के क्षेत्र मे मौका मिल सकता है।
राज्यस्तरीय युवा महोत्सव में दिखा चुके प्रतिभा
हिमांशु के शिक्षक अनंत कुमार राय बताते हैं कि उसने दिल्ली विश्वविद्यालय से संगीत विषय में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। राजस्तरीय युवा उत्सव में शास्त्रीय गायन के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त कर वर्ष 2012 में जिले का नाम रोशन किया। प्रयाग संगीत अकादमी सहित देश के कई प्रसिद्ध मंचों से हिमांशु ने अपनी प्रतिभा दिखाई। दूरदर्शन एवं आकाशवाणी में एक ग्रेडेड कलाकार के रूप अनवरत अपनी प्रस्तुति दे रहे।
उनकी उपलब्धि पर विधायक डॉ. एज्या यादव, जिला परिसद अध्यक्ष प्रेमलता, डॉ. रवींद्र राकेश, पूर्व प्रमुख जवाहरलाल राय, अवनीश कुमार राय, रामइकबाल राय, भाजपा राजेश कुमार ङ्क्षसह, राजकपूर सिंह, सुजीत भगत, रामसिंगार सिंह, अजय कुमार सिंह, भाई रणधीर, ईश्वर करुण आदि ने बधाई दी है।