लॉकडाउन से पहले शहर में लगा महाजाम, सड़कों पर आगे बढऩे को होता रहा जद्दोजहद
Muzaffarpur Traffic बुधवार को मुजफ्फरपुर में नहीं दिखा कोरोना से संक्रमण का भय प्रतिबंधित क्षेत्र सरैयागंज में भी सड़क पर फंसे रहे हजारों लोग। दिन भर हांफती रही यातायात पुलिस।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बुधवार को पूरे दिन शहर महाजाम में फंसा रहा गया। मुख्य सड़कें हों, चौक-चौराहे या फिर गलियां, हर तरफ आगे बढऩे को जद्दोजहद होता रहा। लोगों की जिंदगी जाम में फंसकर ठहर ही सी गई थी। जो जहां था वहीं घंटों फंसा रहा। आगे बढऩे के लिए कई बार लोग एक दूसरे से भिड़ते नजर आए।
सरैयागंज टावर, कल्याणी, हरिसभा, अघोरिया बाजार, मोतीझील, जवाहर लाल रोड, पोस्ट आफिस चौक पर पूरे दिन जाम की स्थिती बनी रही। यातायात नियंत्रण को चौक-चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस के जवानों को पूर दिन जाम हटाने को जूझना पड़ा। गुरुवार से होने वाले लॉकडाउन के कारण बड़ी संख्या में लोगों के बाजार आने से यह स्थिति हो गई थी।
शारीरिक दूरी की उड़तींं नजर आईं धज्जियां
जाम के कारण शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़तींं नजर आईं। लोगों में न कोरोना संक्रमण का भय दिखा और न शरीरिक दुरी का ख्याल रहा। सबसे खतरनाम बात यह रही कि जिस सरैयागज को रेड जोन माना गया है वहां जाम के कारण सड़क पर हजारों लोग फंस रहे। वहीं कंपनी बाग रोड एवं जूरन छपरा मेन में भी यह स्थिती दिखी। जाम में फंसे लोग गर्मी एवं उमस से बेहाल रहे।
गलियां भी जाम
मुख्य सड़कों के जाम होने पर लोगों ने बचने के लिए गलियों की राह पकड़ी तो देखते-देखते अधिकांश गलियां भी जाम हो गईं। टावर चौक पर जाम में फंसे राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें गोला रोड जाना था, लेकिन वे टावर चौक पर डेढ घंटे तक फंसे रहे।