Bihar Flood News: उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश, सीतामढ़ी में लखनदेई का तटबंध क्षतिग्रस्त
Bihar Flood News उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लगातार हाे रही बारिश से डुमरा में लखनदेई नदी का तटबंध को क्षति पहुुंचा है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जो अगले दो दिनों तक जारी रहेगी। उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सीतामढ़ी जिला के डुमरा में लखनदेई नदी का तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। मोतिहारी में कई घरों में पानी घुस गया है। बेतिया के पचरूखा गांव में करताहां नदी के कटाव से ग्रामीणों में भय। बगहा में गंडक कर रही कटाव।
नदियों का लगातार बढ़ रहा जलस्तर
उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मोतिहारी में मध्य रात से लगातार हो रही बारिश से घरों में पानी घुस गया है। सीतामढ़ी जिला के डुमरा में लखनदेई नदी का तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया है। कैलाशपुरी वार्ड नौ में बाढ़ की आशंका उत्पन्न हो गई है। लालबकेया व बागमती उफान पर हैं। कटौझा में बामती लगातार लाल निशान के पार चल रही है। रातो नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी है। समस्तीपुर में गंगा का जलस्तर पिछले दो दिनों से स्थिर है।
दरभंगा के आधा दर्जन गांव बाढ़ से घिरे
बूढी गंडक एवं करेह के जलस्तर में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। बागमती का जलस्तर भी अभी स्थिर है। दरभंगा के कुशेश्वरस्थान प्रखंड के आधा दर्जन गांव बाढ़ से घिरे हैं। कोसी, कमला-बलान और करेह नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कमतौल, जाले के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी खेतों में फैल गया है।
मधुबनी में भी उफना रही हैं नदियां
मधुबनी में दो दिनों से हो रही वर्षा से नदियों का जलस्तर बढऩे लगा है। शिवहर में सुबह से ही बारिश हो रही। बेतिया के पचरूखा गांव में करताहां नदी के कटाव से ग्रामीण भयभीत हैं। बगहा में गंडक के जलस्तर में कमी के बाद भी कटाव जारी है। शुक्रवार को नाव हादसे के बाद प्रमुख घाटों पर दंडाधिकारी की तैनाती कर दी गई है।