Bihar Chunav 2020: मुजफ्फरपुर में ग्रामीण क्षेत्र के बूथों पर भारी मतदान, शहर में सन्नाटा
Bihar Vidhan sabha Chunav 2020 शहर पर भारी ग्रामीण मतदाता तीन बजे तक 48.43 फीसद वोटिंग। जिले की छह विधानसभाओं के लिए हो रही है वोटिंग। औराई विधानसभा में बूथ संख्या 190 के मतदानकर्मी की मौत आश्रित को मिलेंगे 15 लाख रुपये।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले की छह विधानसभा क्षेत्र के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भारी मतदान हो रहा है। हालांकि, शहरी क्षेत्र के मतदाता घरों से नहीं निकले। दोपहर तीन बजे तक जिले में 43.43 फीसद मतदाताओं ने वोट डाले। मुजफ्फरपुर विधानसभा में महज 38 फीसद मतदाताओं ने मतदान किया। बोचहां में अब तक 53.20 तो गायघाट में 51.8 फीसद वोटरों ने वोट डाले।
हालांकि, सुबह में कई बूथों पर हल्की ठंड के कारण मतदाता नहीं पहुंचे थे। इससे पहले दोपहर एक बजे तक 40.21, सुबह 11 बजे तक 19.82 फीसद वोटरों ने मतदान किया। वहीं पहले दो घंटे में सुबह नौ बजे 7.25 फीसद मतदान हुआ था। कई बूथों से ईवीएम में गड़बड़ी की सूचना के बाद उसे सही कर मतदान शुरू कराया गया। वहीं औराई विधानसभा में बूथ संख्या 190 पर एक मतदान कर्मी की मौत हो गई। कुछ रुकावट के बाद वहां मतदान शुरू कर दिया गया। मतदान कर्मी केदार राय स्वास्थ्य विभाग में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थे। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच लाया गया है। वहीं उनके आश्रित को नियमानुकूल 15 लाख रुपये दिया जाएगा। अगर कोरोना से मौत की पुष्टि होती है तो 30 लाख रुपये दिए जाएंगे।
मालूम हो कि जिले की छह विधानसभा मुजफ्फरपुर, औराई, गायघाट, सकरा, बोचहां व कुढ़नी में 118 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें सबसे अधिक 28 उम्मीदवार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां से नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा का भविष्य भी दांव पर है। वहीं सकरा में सबसे कम 11 उम्मीदवार ही मैदान में हैं। करीब 17 लाख 95 हजार मतदाता इन विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनमें से 4278 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोट डाल दिया है। शेष मतदाताओं को वोट डालने के लिए 2564 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 11 आदर्श व 12 पिंक बूथ हैं। 13 हजार 61 मतदान कर्मी चुनाव में लगाए गए हैं। 286 माइक्रो ऑब्जर्वर व 1058 पीसीसीपी पेट्रोलिंग कम कलेक्टिंग पार्टी है। इन क्षेत्रों में 157 नक्सल प्रभावित बूथ होने के बाद भी सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे।
जिले की 11 विधानसभा सीटों में से पांच पर तीन नवंबर को वोट डाले गए थे। इसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से करीब आठ फीसद अधिक थी। आज हो रहे मतदान में भी महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रहने की संभावना है।