गर्मी ने दिखाए तेवर, पारा 36 के पार
गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते तीन दिनों से पड़ रही गर्मी से लोग बेहाल हैं। 28 मई की शाम से मौसम में बदलाव आएगा।
मुजफ्फरपुर। गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते तीन दिनों से पड़ रही गर्मी से लोग बेहाल हैं। 28 मई की शाम से मौसम में बदलाव आएगा। इससे उत्तर बिहार में कई स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। वहीं तेज हवा भी चलने का अनुमान है। 27 से 31 मई तक के जारी मौसम पूर्वानुमान में ये बातें कही गई हैं। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के मौसम विभाग ने बताया है कि कुछ स्थानों पर वर्षा के समय हवा तेज रह सकती है। मौसम के इस बदलाव से दिन के तापमान में कमी आ सकती है। इस अवधि में आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 35 से 37 और न्यूनतम 22-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है। औसतन 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चल सकती है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 70 से 80 व दोपहर में 40 से 50 फीसद रहने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.8 व न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। किसानों के लिए सुझाव
किसानों के लिए जारी समसामयिक सुझाव में कहा गया है कि संभावित वर्षा को देखते हुए मक्का की कटनी, दौनी व दाना सुखाने के कार्य में सावधानी बरतें। मूंग की तैयार फसल की तुड़ाई 27 मई तक कर सकते हैं। उसके बाद वर्षा की संभावना को देखते हुए तुड़ाई करें। दस वर्षो में 26 मई को यह रहा हाल (डिग्री सेल्सियस में) वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2010 32.3 24.8
2011 33.2 26.8
2012 38.7 27.6
2013 35.5 26.5
2014 35.2 25.1
2015 35.8 22.1
2016 28.2 21.7
2017 38.5 23.5
2018 36.7 27.0
2019 37.0 24.5
2020 36.8 22.8
इलेक्ट्रॉनिक बाजार में जगी आस तापमान मे वृद्धि के साथ ही फ्रिज, एयर कंडीशनर, कूलर और पंखे की मांग बढ़ गई हैं। इससे लॉकडाउन में मंदी झेल रहे इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आस जगने लगी है। वैसे तो सप्ताह में तीन दिन ही शहर का इलेक्ट्रॉनिक बाजार खुल रहा है। लेकिन, दुकान खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को शहर के तिलक मैदान रोड, मोतीझील व अघोरिया बाजार इलाका स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकानों- प्रतिष्ठान और बाजार में ग्राहकों की भीड़ रही। इस दौरान सबसे ज्यादा पंखे बिके। मोतीझील के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी सुमित कुमार ने बताया कि गर्मी बढ़ने से पंखा, एसी, कूलर व फ्रिज की मांग बढ़ी है। उधर, संतोष कुमार ने बताया कि बाजार में कूलर की मांग बढ़ी है। लोग एसी भी खरीद रहे हैं। बताया कि हर साल अप्रैल से जून तक अच्छा कारोबार होता है। इस साल लॉकडाउन से कारोबार प्रभावित हो रहा है। मांग बढ़ रही है। अभी दस फीसद ग्राहक ही पहुंच रहे हैं।