मुजफ्फरपुर पुलिस की आंख में धूल झोंक घर में बनाई जा रही थीं अवैध बंदूकें, इस तरह हुआ खुलासा
बरूराज में Mini Gun Factory का उद्भेदन संचालक गिरफ्तार। नक्सलियों व अपराधियों को सप्लाई किए जाते थे हथियार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बरूराज थाना के पानापुर गांव में पुलिस ने छापामारी कर Mini Gun Factory का उदभेदन किया है। पुलिस ने इस क्रम में मोहम्मद सद्दाम को गिरफ्तार किया है। उसी के घर में फैक्ट्री चलाई जा रही थी। वहां से पुलिस को एक देशी कट्टा, छह नवनिॢमत बैरल, एक एसएलआर की गोली, एक 315 बोर की गोली, बट, हथौड़ी, छेनी बरामद की गई है। पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि उक्त फैक्ट्री से नक्सलियों को हथियार सप्लाई की जाती थी।
मोतिहारी से कारबाइन खरीद कर नक्सलियों को किया सप्लाई
सद्दाम ने पुलिस को बताया कि वह सिर्फ अपनी फैक्ट्री से बने हथियार ही नहीं बल्कि अत्याधुनिक हथियारों की खरीद-बिक्री का धंधा करता था। मोतिहारी से कारबाइन खरीदकर नक्सलियों को सप्लाई किया था। उसके घर से मिली एसएलआर की गोली पुलिस को सप्लाई होती है। उसके पास यह कैसे पहुंचा इसी जांच की जा रही है। सद्दाम में नक्सलियों से सांठगांठ की बात भी सामने आ रही है। घनी बस्ती में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन वह इतनी सफाई से करता था कि किसी को भनक नहीं लगी। हालांकि स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उसके घर पर संदिग्धों का आना-जाना लगा रहता था।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली कि पानापुर स्थित मोहम्मद सद्दाम के घर में मिनी गन फैक्ट्री का संचालन हो रहा है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार की देर रात उसके घर पर छापेमारी की। उसके घर के एक-एक कमरे की छापेमारी की। इस दौरान हथियार बनाने मे प्रयुक्त समान व बनाया गया हथियार पुलिस के सामने आया। सद्दाम ने पुलिस को कई सुराग दिया है।
बरूराज थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने कहा कि सद्दाम का मुख्य पेशा हथियार बनाना व इसे अपराधियों एवं नक्सलियों को सप्लाई करना था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।