संपत्ति के लालच में पोता बना अपराधी, साथियों के साथ मिलकर किया दादा का अपहरण, जानिए मामला WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र की घटना। यहां एक पोते ने अपने ही दादा का अपहरण संपत्ति के लालच में कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अारोपित को गिरफ्तार किया।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। मझौलिया थाना क्षेत्र के दुधाचतुरी गांव में एक वृद्धा शेखरानी देवी अपने पति को बचाने की गुहार लेकर थाने पहुंची। उसने अपने पोते के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया। वृद्धा का आराेप था कि पोते ने संपत्ति के लालच में अपने ही दादा का अपहरण कर लिया है। और अाशंका जताई कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद उसकी हत्या भी कर सकता है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजू साह को गिरफ्तार कर लिया।
यह है पूरा मामला
बताया जाता है कि मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराहां पंचायत की दुधाचतुरी गांव में संपत्ति के लालच में एक पोते ने दादा का अपहरण कर लिया है। एक सप्ताह पूर्व वृद्ध झापस साह (70) को घर से रहस्यमढंग से गायब कर दिया। वृद्ध की पत्नी शेखरानी देवी नाते- रिश्तेदारों के यहां खोज रही थी। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पोते राजू साह ने संपत्ति के लालच में अपने अन्य सहयोगियों के साथ अपहरण कर लिया है। जमीन रजिस्ट्री कराने के बाद वृद्ध की हत्या भी कर सकता है।
मामले में अगवा वृद्ध की पत्नी शेखरानी देवी की शिकायत पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजू साह को गिरफ्तार भी कर लिया है। थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपित राजू साह को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही अन्य आरोपित भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उधर, आरोपित राजू साह के परिजनों का कहना है कि पारिवारिक विवाद में फंसाया जा रहा है।