Move to Jagran APP

लनामिविवि के दीक्षा समारोह पहुंचे कुलाधिपति, कहा-संसाधन की कमी नहीं,पूरी ऊर्जा से आगे बढ़ें

पदमश्री डॉ. सीपी ठाकुर को डॉक्टर ऑफ साइंस पदमश्री गोदावरी दत्ता को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि 53 स्वर्ण पदक का वितरण। श्री टंडन ने कहा इतिहास का सृजन कर रहे लनामिविवि समेत बिहार के सभी विश्वविद्यालय।

By Ajit KumarEdited By: Published: Tue, 12 Mar 2019 12:46 PM (IST)Updated: Tue, 12 Mar 2019 12:46 PM (IST)
लनामिविवि के दीक्षा समारोह पहुंचे कुलाधिपति, कहा-संसाधन की कमी नहीं,पूरी ऊर्जा से आगे बढ़ें
लनामिविवि के दीक्षा समारोह पहुंचे कुलाधिपति, कहा-संसाधन की कमी नहीं,पूरी ऊर्जा से आगे बढ़ें
दरभंगा, जेएनएन। कुलाधिपति लालजी टंडन ने कहा है कि सारा देश आज हमारी युवा शक्ति की ओर से देख रहा है। पहली बार ऐसा है कि संसाधनों की कमी नहीं हो रही है। कमी है तो केवल नए सपने, नए खोज की। जरूरी है कि उत्पादकता बढ़े, रोजगार के अवसर बढ़े। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए युवा प्रेरित हों। युवा पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें, नए भारत का निर्माण करें।
 कुलाधिपति टंडन मंगलवार को नागेंद्र झा स्टेडियम परिसर में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के नौवें दीक्षा समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने पदमश्री डॉ. सीपी ठाकुर को डॉक्टर ऑफ साइंस, पदमश्री गोदावरी दत्ता को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि दी। 53 स्वर्ण पदक का वितरण किया। कुलाधिपति टंडन ने कहा कि सभी विवि में एक सामाजिक परिवर्तन देख रहा हूं।

 बेटियां हर क्षेत्र में सम्मान प्राप्त कर रही हैं। आज जिन्हें मेडल एवं उपाधि मिली है उनमें 65 फीसद हमारी बेटियां हैं। यह गौरव की बात है कि लनामिविवि सहित बिहार केे सभी विश्वविद्यालय महिला सशक्तीकरण की दिशा में नूतन इतिहास का सृजन कर रहे हैं। हम उस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रयत्नशील हैं जो नई पीढ़ी की आंखों में नया सपना और होठों पर मुस्कान लाने में सक्षम है।
बिहार के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन सर्वोत्कृष्ट 
कुलाधिपति ने कहा कि प्राचीन भारत का इतिहास वस्तुत: बिहार का ही इतिहास है। नालंदा और विक्रमशिला विद्या के ऐसे केंद्र थे, जहां देश-देशांतर के लोग आकर ज्ञानार्जन करते थे। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन सर्वाेत्कृष्ट रहता है। लेकिन, ये बिहार से बाहर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण करते हैं। यहां के विद्यार्थी बाहर जाकर उच्च शिक्षा की खबर बनते हैं। लेकिन बिहार की उच्च शिक्षा खबर नहीं बन पाती है।
 वस्तुत: बिहार की उच्च शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन की आवश्यकता है। एकेडमिक कैलेंडर, बायोमीट्रिक उपस्थिति प्रणाली, च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम, यूर्निवर्सिटी मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम का कार्यान्वयन और चांसलर अवार्ड दिए जाने का निर्णय गुणात्मक शिक्षा की दिशा में उठाए गए कुछ महत्वपूर्ण कदम हैं। उच्च शिक्षा के विकास हेतु किए जा रहे सुधार प्रयासों के सार्थक परिणाम अब दिखने लगे हैं।
स्वामी विवेकानंद के विचारों से अनुप्राणित होकर राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित हों 

स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि यदि तुम अपने जीवन को उत्कृष्ट बनाना चाहते हो तो सबसे पहले एक विचार या संकल्प लो, उसे जीवन का अंग बना लो। उसी का ङ्क्षचतन, मनन करना, उसी का स्वप्न देखना और उसी के संकल्प को मन मस्तिष्क सहित सभी अंगों में भरना होगा, तब यह संकल्प तुम्हारे जीवन को सफल बनाएगा। कुलाधिपति ने विश्वास जताते हुए कहा कि आप स्वामी विवेकानंद के विचारों से अनुप्राणित होकर राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए ²ढ़ संकल्पित होंगे।
आधुनिकता के नाम पर भारतीयता को तिलांजलि नहीं 
उन्होंने कहा कि हम भूमंडलीकरण के दौर से गुजर रहे हैं। क्षेत्र और देश की सीमाएं विलुप्त होती जा रही हैं। संचार माध्यमों में क्रांति आई है। हम किताबी दुनिया से निकलकर इंटरनेट की दुनिया में आ गए हैं। रोजगार का स्वरूप बदल रहा है और उसकी संभावनाएं देश-देशांतर तक परिव्याप्त हैं। शिक्षण प्रविधि बदल गई है। परंतु इन सबके साथ-साथ भारतीयता भी हमारी ङ्क्षचतनधारा के केंद्र में होनी चाहिए। ग्लोबल और लोकल के बीच एक सुखद संतुलन बनाकर रखना चाहिए। आधुनिकता के नाम पर भारतीयता को तिलांजलि नहीं दी सकती है।विश्वमैत्री का पाठ पढ़ाती है हमारी राष्ट्रीयता :

आज का भारत नई ऊर्जा और पराक्रम से भरा हुआ है। हमारे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक वैभव का पुन: उत्थान हो रहा है। युवाओं में राष्ट्रीयता की उद्दाम लहरें प्रवाहित हो रही हैं। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमलों को प्रतिकार करते हुए देश ने अपने प्रचंड पौरूष को प्रकट किया है। आतंकवाद के विरुद्ध हमारे संघर्ष को पूरी दुनिया ने समर्थन दिया है।
 यह सब संभव हुआ है हमारे युवाओं की राष्ट्रभक्ति में अटूट निष्ठा के कारण। राष्ट्रवाद हमारा राष्ट्रधर्म बनता जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का कथन है-राष्ट्रवाद बुरी चीज नहीं है। बुरी है संकुचित मनोवृति, स्वार्थपरता और ऐकांतिकता, जो आधुनिक राष्ट्रों के विनाश के लिए उत्तरदायी है।
 भारतीय राष्ट्रवाद ने एक भिन्न मार्ग चुना है। यह समूची मानवता के हित तथा उसकी सेवा के लिए स्वयं को संगठित करना चाहता है। हमारा राष्ट्रवाद वसुधैव कुटुंबकम की भावना पर आधारित है, जो सर्वे भवंतु सुखिन: में विश्वास करता है। इसलिए हमारी राष्ट्रीयता हमें विश्वमैत्री का पाठ पढ़ाती है।
नैक मूल्यांकन में लनामिविवि राज्य में सबसे आगे 

कुलाधिपति ने कहा कि आतंकवाद विश्व के अधिकतर देशों के लिए एक विकट समस्या बना हुआ है। इसे समूल उखाड़ फेंकने के लिए हमारी प्रतिबद्धता जगजाहिर है। हमारी युवा शक्ति, सैन्य शक्ति और राष्ट्रीय एकता इस चुनौती से निबटने में काफी मददगार है। पूरे विश्व की नजर आस्था और विश्वास के साथ भारत पर टिकी है।
 हमारी सांस्कृतिक विरासत आज अक्षुण्ण बनी हुई है तो इसके पीछे हमारी वसुधैव कुटुंबकम की उदार मैत्री भावना ही है। लनामिविवि हमारी संकल्पनाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है। नैक मूल्यांकन में यह राज्य में सबसे आगे है। विवि द्वारा तैयार कराया जा रहा विजन 2030 एक व्यापक संकल्पना है। विवि में निरंतर संगोष्ठियों और कार्यशालाओं का आयोजन इसकी जीवतंता के प्रमाण हैं।
 इस विवि के सत्रों का नियमित होना भी हमें गौरवान्वित करता है। विश्वास है कि आप सबके सम्मिलित प्रयास से विवि का चहुंमुखी गुणात्मक विकास होगा। हम सब मिलकर वर्तमान समय और समाज की आशाओं और स्वप्नों को साकार करने का ²ढ़ संकल्प लें। समारोह का संचालन कुलसचिव कर्नल निशीथ कुमार राय ने किया।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.