Bihar Chunav: गिरिराज सिंह का ओवैसी पर हमला, कहा- पाकिस्तान से मिल रहे सहयोग से चल रही उनकी पार्टी
Bihar Chunav 2020 केंद्रीय मंत्री ने कहा- जिन्ना के रास्ते पर चलने की कसम खाने वाले को थमा दिया पार्टी का टिकट। बेगूसराय से वामपंथियों का सफाया करने का लिया संकल्प। राजद को बताया विनाश की ओर ले जाने वाला दल। नक्सलियों से साठगांठ का लगाया आरोप।
समस्तीपुर, जेएनएन। Bihar Chunav 2020: भाजपा के फायर ब्रांड नेता व केेंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ओवैसी पर आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी पाक समर्थित है। वहां से मिलने वाली सहायता से यह चल रही है। इस चुनाव के लिए उसे वहीं से सहयोग प्राप्त है।
समस्तीपुर में आयोजित पीएम की रैली में उन्होंने कहा कि बिहार में दो गठबंधन ही चुनाव लड़ रही है। जदयू के नेतृत्व में एक गठबंधन है जो अमन, चैन एवं विकास का गठबंधन है तो दूसरा राजद के नेतृत्व में विनाश की ओर ले जाने वाला। खूनी क्रांति करने का काम माले ने किया। लोगों की हत्या की। बम पटाखे फोड़ने का काम किया। आज राजद के गठबंधन का हिस्सा है। कम्युनिस्टों ने लोगों की जमीन हड़पने का काम किया। वह उनके गठबंधन का हिस्सा है। जाले से कांग्रेस ने जिसे उम्मीदवार बनाया है, उसने जिन्ना के रास्ते पर चलने की कसम खाई है। ऐसे में बिहार के लोगों का तय करना है कि किस गठबंधन को चुनें।
कमम्युनिस्ट विहीन करने का भी दावा
केंद्रीय मंत्री ने अपने ससंदीय क्षेत्र बेगूसराय को कमम्युनिस्ट विहीन करने का भी दावा किया। कांग्रेस पर हमला करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी गरीबी को सीखने के लिए कलावती के घर गए। जिसने कभी गरीबी देखी नहीं, भला वह गरीबों का क्या ध्यान रखेगा। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं, जिनकी योजनाएं गरीब, किसान, मजदूर पर केन्द्रित रहती हैं। ओवैसी की पार्टी को पाकिस्तान का समर्थन बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की। कहा कि पहले लोग केरोसिन के लिए डीलर के घर दर-दर की ठोकरें खाते थे। आज हर घर में बिजली पहुंच गई है। बाढ़ और सुखाड़ में भी लोगों की सहायता करने का काम प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भगीरथ की तरह विकास की गंगा बहाने वाला बताया वहीं नीतीश कुमार को सुख, शांति, अमन चैन के साथ विकास करने वाला विकास पुरुष बताया। कहा कि कर्पूरी ठाकुर और पंडित कैलाश पति मिश्रा ने आरक्षण की जो व्यवस्था की थी, उसे आज भी लोग याद करते हैं। यह चुनाव सिर्फ सीएम बनाने का नहीं है, बल्कि विकास की धार को तेज करने का है।