यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर मरीन ड्राइव रोड व लकड़ीढाही पुल कराएं चालू
शहर की विकास योजनाओं की डीएम प्रणव कुमार ने मंगलवार को समीक्षा की। प्रोजेक्ट मॉनिटरिग ग्रुप (पीएमजी) की समाहरणालय सभाकक्ष ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर। शहर की विकास योजनाओं की डीएम प्रणव कुमार ने मंगलवार को समीक्षा की। प्रोजेक्ट मॉनिटरिग ग्रुप (पीएमजी) की समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक में डीएम ने रानी सती मंदिर-सिकंदरपुर मन होते हुए लक्ष्मी चौक रोड (मरीन ड्राइव) को पूर्ण कराने के लिए आरसीडी और एसडीओ पूर्वी को विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा। पानी टंकी-मिठनपुरा चौक मुख्य सड़क में नाला सफाई और मरम्मत के कार्य में आने वाली संरचनाओं को लेकर एसडीओ पूर्वी एवं डीएसपी टाउन को निर्देशित किया। स्थल विजिट करते हुए अतिक्रमण हटाने को कहा गया। बूढ़ी गंडक नदी पर चंदवारा घाट में पुल के अप्रोच पथ के लिए भू-अर्जन में 58.86 करोड़ की लागत लगने की बात कही गई। राशि प्राप्त नहीं होने की जानकारी दी गई। निर्देश दिया गया कि फिर स्मार पत्र भेज पुल शीघ्र चालू कराया जाए। विद्युत विभाग को शहर में बिना उपयोग वाले पोलों को हटाने को कहा गया। कार्यपालक अभियंता ने यह कार्य चलने की जानकारी दी।
अखाड़ाघाट-जीरोमाइल सड़क को लेकर बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं नाला निर्माण का प्राक्कलन विभाग को भेजा गया है। प्रस्ताव बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने भी भेजा है। विभाग से समन्वय कर करवाई को कहा गया। जीरोमाइल से दरभंगा जाने वाले पथ में दाईं और सड़क की खाली जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए कार्यपालक अभियंता आरसीडी-वन एवं एसडीओ पूर्वी को संयुक्त रूप से अभियान चलाने को कहा गया। स्थान खाली कराने और लोहे के पाइप से बैरिकेडिग करने को कहा गया। इस स्थल को आटो पड़ाव स्थल के रूप में चिह्नित कर बोर्ड लगाने को कहा।
मोतीपुर-बरुराज पथ, राजेपुर-करचौलिया पथ, मीनापुर-टेंगराहा पथ को लेकर भू-अर्जन से समन्वय कर शीघ्र कार्य कराने को कहा गया। एसडीओ पूर्वी ने बताया गया कि बाजार समिति में नाला निर्माण के लिए सभी स्थानों पर गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। बरसात में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। परियोजना प्रबंधक पुल निर्माण निगम को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। मिठनपुरा में और उससे आगे 170 मीटर नाला निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 320 मीटर में जमीन विवाद के कारण निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया कि बुडको के साथ समन्वय करते हुए इसका निराकरण कराएं।
